खरक कलां में उधार लिए दो हजार रुपये न लौटाने पर एक युवक ने शराब ठेके के कारिंदे पर सुआ से हमला कर दिया। हमलावर ने कारिंदे पर एक के बाद एक सुए से आधा दर्जन वार किए। घायल को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव खरक कलां निवासी 25 वर्षीय घायल युवक अमित ने बताया कि वह शराब ठेके पर नौकरी करता है। शाम लगभग छह बजे वह पानी की डिग्गी पर पानी लेने के लिए जा रहा था। जब वह तेल मिल के सामने पहुंचा तो नवीन नामक युवक ने उसे रास्ते में रोक लिया और कहा कि उसके दो हजार रुपये वापस करो।
उसने कहा कि वह 9 बजे पैसे वापस कर देगा लेकिन नवीन ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया और अचानक जेब से सुआ निकालकर उसके माथे पर मारा। इसके बाद हमलावर ने उसके कंधे व शरीर के अन्य हिस्सों पर सुए से लगभग छह-सात बार वार किए। इससे वह जमीन पर गिर गया। नजदीक स्थित बाइक रिपेयर की दुकान पर मौजूद राजा व गोल्डी नामक युवकों ने बीच बचाव कर उसे हमलावर से बचाया। इसके बाद वह अचेत हो गया। घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल के बयान पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 341 व 506 के तहत मामला दर्ज किया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2B9ZAUt