जिले में कोरोना रोगियों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार को 30 नये मामले सामने आए हैं, जिसके चलते रोगियों की संख्या 853 तक पहुंच गई है। रविवार को आए 26 मामलों में से दूसरे जिले व राज्य संबंधित 2 रोगी थे, जिन्हें हिसार जिले में काउंट नहीं किया है। सेक्टर-14 में रहने वालीं सिविल अस्पताल की 53 वर्षीय सीनियर डेंटल सर्जन और इनके 57 वर्षीय पति संक्रमित मिले हैं।
डॉक्टर के पति का तलाकी गेट जैन गली में फार्मेसी का बिजनेस है। ये दंत विभाग में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से संक्रमित हुए हैं जिसकी अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में कार्यरत लड़की संक्रमित मिली थी। इससे आगे संक्रमण फैलता गया। फिलहाल दंत विभाग के डॉक्टर व कर्मी रिपोर्ट आने तक क्वारेंटाइन किए हैं।
इनके अलावा रोगी के संपर्क में आकर लक्ष्मी विहार काॅलोनी में रहने वाली जिंदल अस्पताल में कार्यरत 27 साल की स्टाफ नर्स, 2 दिन मारवल सिटी में बेटे के पास रहे दिल्ली गेट छबील दास गली वासी गुलाब सिंह चौक स्थित तपस्या डिस्ट्रीब्यूटर के 55 साल के संचालक, पीएलए में सीजे डीआरसीईएल कर्मी से संक्रमित 7 साल की बच्ची, धोबी घाट के पास 31 वर्षीय फल विक्रेता, सेक्टर 14 में रोगी के संपर्क में आकर संक्रमित हुई 34 वर्षीय महिला, ऋषि नगर में कालू भारद्वाज दुकान के पास यूपी से आया 50 वर्षीय वेंडर, सेक्टर-14 में 62 वर्षीय वृद्धा और 37 वर्षीय महिला, पुट्ठी समैण हांसी में रहने वाला हरियाणा बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन भिवानी में कार्यरत सिक्योरिटी गार्ड कोरोना पॉजिटिव हैं।
इनके अलावा आईसोलेशन वार्ड में ड्यूटी पर रहे मोहब्बतपुर वासी 24 वर्षीय मेडिकल ऑफिसर, दुर्जनपुर में 24 वर्षीय महिला, ढाणी पीरांवाली में 40 वर्षीय व्यक्ति, उत्तम नगर में 31 वर्षीय भोपाल लाइफ साइंस कंपनी के रिजन मैनेजर, जोधपुर से मिलगेट सब्जी मंडी के पास 25 वर्षीय कुक, न्यू हनुमान मंदिर शांति नगर में 40 वर्षीय व्यक्ति, भकलाना में बलदेव पूरी मंदिर के पास 30 वर्षीय युवक, लक्ष्मी विहार बरवाला में 7 माह का बच्चा, 62 वर्षीय वृद्धा, 60 वर्षीय वृद्ध, 57 वर्षीय महिला, 32 वर्षीय महिला, 7 वर्षीय बच्चा, 4 वर्षीय बच्चा, 2.6 साल का बच्चा, 30 वर्षीय फैमिली मेंबर, बरवाला में 62 वर्षीय अकाउंटेंट के अलावा 30 व 36 साल के संक्रमित मिले हैं।
वहीं, रविवार को अर्बन एस्टेट में रहने वाले 51 वर्षीय पूर्व नगर सुधार मंडल के चेयरमैन भी कोरोना संक्रमित मिले थे। कोविड ब्लॉक में इमरजेंसी रेपिड एंटीजन टेस्टिंग के लिए एक एलटी की ड्यूटी लगाई है।
सांसद बृजेंद्र सिंह की सैंपल जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई
हिसार संसदीय क्षेत्र से सांसद बृजेंद्र सिंह की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने स्वयं विभिन्न माध्यमों से यह जानकारी आमजन व समर्थकों के साथ सांझा करते हुए लोगों द्वारा उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए की गई दुआओं और सहयोग के लिए आभार जताया है। सांसद बृजेंद्र सिंह ने सोमवार को जारी अपने संदेश में कहा कि वह आमजन के साथ एक सुखद पल सांझा करना चाहते हैं। कल हुए कोरोना वायरस टेस्ट में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
उन्होंने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में आमजन व समर्थकों की दुआओं व शुभकामनाओं के लिए मैं उनका आभारी हूं। सांसद ने सभी डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ व कोरोना से लड़ाई में डट कर खड़े कोरोना योद्धाओं को भी नमन किया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की सलाह के अनुसार आप सभी की सुरक्षा हेतु उन्हें अभी कुछ दिन और सार्वजनिक रूप से मिलने-जुलने से परहेज करना होगा। उन्होंने कहा कि वह लोगों के बीच आने के लिए उत्सुक हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/39zV9z1