रक्षाबंधन तीन अगस्त को है। इस दिन सवारियों की संख्या बढ़ना तय है। ऐसे में रोडवेज ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार को अतिरिक्त ड्राइवर-कंडक्टर को बुलाया गया है, जो सवारियों के अनुसार अधिक से अधिक बसों का संचालन करवा सकें।
कोरोना के कारण रोडवेज अधिकारियों ने सोशल डिस्टेंस का पालन भी करवाना है। इसलिए मौजूदा रुटीन से अधिक बसों के चक्कर लगेंगे। उस दिन सुबह छह बजे से रात आठ बजे तक बसों का संचालन होगा। यह बसें तभी चल पाएंगी, जब सवारियों की संख्या होंगी। रक्षाबंधन पर की गई इस तैयारी से बहनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी। मौजूदा टाइम में रोडवेज की 40 और प्राइवेट करीब 15 बसें चक्कर लगाने में लगी हैं। एक बस में 30 से 35 ही सवारियां बैठाने के आदेश हैं, लेकिन सवारियों की संख्या ज्यादा होती है।
इसकी शिकायत एडीसी को की गई है, ताकि बसों की चेकिंग हो सके। अधिक सवारियों को बैठाने का नुकसान है कि कोरोना एक को भी होगा तो वह एक दूसरे से जल्दी ज्यादा लोगों को संक्रमित करेगा। प्राइवेट बसों में सफर करने पर सवारियों के एड्रेस नोट नहीं होते। रोडवेज कर्मचारियों ने प्राइवेट बसों की तरफ से बरती गई लापरवाही की शिकायत जीएम रोडवेज को की है ।
इस बार महिलाएं नहीं कर पाएंगी फ्री में सफर
रोडवेज की तरफ से हर साल रक्षाबंधन पर फ्री यात्रा रहती है। इस दिन बहनों की संख्या इतनी हो जाती है कि सवारियां छतों पर बैठकर सफर करती हैं। कोरोना के चलते इस बार फ्री यात्रा करवाने के कोई आदेश नहीं हैं। इसलिए सवारियों की कुछ संख्या कम हो सकती है, लेकिन बसों की अतिरिक्त करने की जरूरत है। बस स्टैंड पर अतिरिक्त काउंटर रहेंगे। अधिकारी भी बस स्टैंड पर रहेंगे और सवारियों के अनुसार बसों का संचालन करवाएंगे।
अतिरिक्त ड्राइवर-कंडक्टर को बुलाया जाएगा
रक्षाबंधन पर अधिक बसें चलाई जाएंगी। इस दिन सवारियों की संख्या बढ़नी तय है। मौजूदा जो बसें चल रही हैं, उससे ज्यादा ड्राइवर-कंडक्टर को बुलाया जाएगा, ताकि जिस रूट्स पर सवारी होंगी, वहीं पर बसों को चला सकें। कोरोना में सोशल डिस्टेंस का पालन भी करवाया जाएगा। -अजय गर्ग, जीएम, रोडवेज करनाल ।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3k0wwjY