जिला में 29 मई को आए तेज अंधड़ की वजह से जड़थल सब स्टेशन से जुड़े कृषि फीडरों की सप्लाई अभी तक बहाल नहीं हुई है। हालात यह है कि एक माह का समय बीतने के बाद भी कृषि फीडरों की बिजली गुल है जिसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। बिजली के अभाव में किसान फसलों की सिंचाई तक नहीं कर पा रहे हैं जिससे उनकी फसल भी सूख गई है। समस्या को लेकर बुधवार को किसानों ने निगम के एसडीओ को शिकायत सौंपकर जल्द आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की है।
गांव रालियावास निवासी किसान अशोक कुमार, प्रदीप कुमार, मीरसिंह, जितेंद्र कुमार, बिरेंद्र सिंह, झगडूराम, रतन सिंह, सुमन, तरुणपाल धारूहेड़ा डिवीजन के एसडीओ को शिकायत देकर बताया कि ऑनलाइन शिकायत बाद भी उनके फीडर को सही नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि 29 मई को आए अंधड़ की वजह से जड़थल फीडर से जुड़े तमाम फीडरों में बड़ी संख्या में पोल व ट्रांसफार्मर गिर गए थे। उनके कुओं की बिजली एमआईटीएस खिजूरी रोड फीडर से आ रही थी। इस फीडर में अभी भी काफी संख्या में पोल गिरने के साथ उनके कुएं पर लगा ट्रांसफार्मर अभी तक गिरा हुआ है जिसके चलते एक माह से बिजली पूरी तरह से ठप है। किसानों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने निगम की तरफ से जारी किए गए नंबरों पर शिकायत भी की थी जिसके बाद उन्हें शिकायत नंबर भी दिया गया था।
शिकायत के आधार पर उन्होंने स्थानीय कर्मचारियों से बातचीत भी की लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है। इसके बाद बुधवार को किसान एसडीओ के पास पहुंचे और बिजली आपूर्ति बहाल नहीं किए जाने पर रोष प्रकट किया। किसानों ने कहा कि इस ट्रांसफार्मर से दस किसानों के कनेक्शन है और एक माह के दौरान उनकी फसल पूरी तरह से सूखकर खराब हो गई है। वहीं खेतों में जो परिवार रह रहे हैं उनको अभी भी गांव से जाकर पानी लाना पड़ रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ApwW1e