सीआईए 2 की टीम ने बिजली ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को सेक्टर-6 से गिरफ्तार किया है। इसमें यूपी के बदायूं जिला निवासी जावेद और मोईद है। इन्होंने खरखौदा में ट्रांसफार्मर चोरी करने का विरोध करने पर चौकीदार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वर्तमान में सेक्टर- 6 में किराये का मकान लेकर रह रहे थे। ये रात में ट्रांसफार्मर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। इसके बाद उसे कबाड़ियों को बेच देते थे। इनके बारे में सेक्टर वासियों कभी भी पता नहीं चल पाया।
पूछताछ में दोनों बदमाशों ने हत्या, लूट के अलावा चोरी की 13 वारदात करना स्वीकार किया है। इनके कब्जे से दो अवैध पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाशों ने 18-19 जुलाई की रात को खरखौदा के सैदपुर में एक निर्माणाधीन फैक्ट्री में ट्रांसफार्मर चोरी करने का विरोध करने पर चौकीदार की गोली मार कर हत्या कर दी थी।
पूछताछ में पता चला कि ये दोनों अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब 13 जगह से ट्रांसफार्मर और क्वायल चोरी कर चुके हैं। दोनों बदमाशों को कोर्ट में पेश किया। जहां से पूछताछ के लिए दो दिन के रिमांड पर लिया है। इनसे और भी कई बड़ी वारदातों के अलावा गिरोह के अन्य सदस्यों का खुलासा होने की उम्मीद है। इनके फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस टीम को गश्त के दौरान मिली कामयाबी : सीआईए प्रभारी सत्यवान सिंह ने बताया कि दरअसल, सीआईए-2 की टीम सेक्टर-6 क्षेत्र में गश्त पर थी। तभी शक के आधार पर दो युवकों को हिरासत में ले लिया। तलाशी में इनके पास से अवैध हथियार मिले। पूछताछ में एक अपना नाम जावेद और दूसरे ने मोईद बताया। दोनों यूपी के मूल निवासी है। फिलहाल बहादुरगढ़ के पटेल नगर में किराये का मकान लेकर रह रहे थे। थाने लाकर जब सख्ती से पूछताछ की गई तो दोनों युवक ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले बड़े गिरोह के सदस्य निकले।
इन्होंने हत्या समेत लूटपाट व चोरी की 13 वारदातों का खुलासा किया। करीब डेढ़ साल से वारदात को अंजाम दे रहे थे। बहादुरगढ़ इलाके में भी ट्रांसफार्मर चोरी की वारदात लगातार हो रही थी। आए दिन किसी फैक्ट्री या खेतों से ट्रांसफार्मर चोरी हो रहे थे, लेकिन पुलिस इन तक पहुंच नहीं पा रही थी। अब जाकर गिरोह के दो बदमाश काबू में आए हैं। इस गिरोह में इनके अलावा दो सदस्य और शामिल हैं। वे भी यूपी के ही रहने वाले हैं।
दोनों बदमाशों ने इन वारदात को दिया अंजाम
1. पकड़े गए जावेद और मोईद ने जुलाई 2020 में साथियों के साथ मिलकर गांव लडरावन के खेतों से बिजली के ट्रांसफार्मर से क्वायल चोरी की।
2. जुलाई 2020 में खरखौदा के गांव सैदपुर में निर्माणाधीन फैक्ट्री से ट्रांसफार्मर चोरी किया। विरोध करने पर चौकीदार की गोली मारकर हत्या कर दी।
3. जून 2020 में साथियों के साथ मिलकर आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र बहादुरगढ़ पार्ट 2 से ट्रांसफार्मर की क्वायल, एलईडी कैमरा, डीवीआर, इनवेर्टर व 20 हजार रुपए चोरी किए।
4. जुलाई 2020 में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गणपति धाम गांव सांखोल बहादुरगढ़ से ट्रांसफार्मर की क्वायल चोरी की।
5. जून 2020 में अन्य साथियों के साथ मिलकर आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र बहादुरगढ़ से ट्रांसफार्मर से क्वायल चोरी की।
6. जून 2020 में साथियों के साथ मिलकर सेक्टर 16/17 बहादुरगढ़ में फैक्ट्री से ट्रांसफार्मर से क्वायल, इनवेर्टर व दो बैटरी चोरी की।
7. जून 2020 में साथियों के साथ मिलकर सेक्टर 16/17 बहादुरगढ़ में एक फैक्ट्री से ट्रांसफार्मर की क्वायल, बैटरी, पंखे तथा इनवेर्टर की 16 बैटरी व इनवेर्टर चोरी किया।
8. मार्च 2020 में साथियों के साथ मिलकर गांव जसौर खेड़ी के खेतों में ट्रांसफार्मर से क्वायल चोरी की।
9. फरवरी 2020 में साथियों के साथ मिलकर सेक्टर 16/17 बहादुरगढ़ में फैक्ट्री में घुसकर गार्ड को बंधक बनाकर ट्रांसफार्मर से क्वायल चोरी की।
10. जनवरी 2020 में साथियों के साथ सेक्टर 16/17 बहादुरगढ़ में फैक्ट्री में ट्रांसफार्मर से क्वायल चोरी की।
11. दिसंबर 2019 में साथियों के साथ गांव खैरपुर में पब्लिक हेल्थ के ट्रांसफार्मर से क्वायल चोरी की।
12. दिसंबर 2019 में साथियों के साथ गांव शाहपुर स्थित ट्यूबवेल के ट्रांसफार्मर की क्वायल चोरी की।
13. अक्टूबर 2019 में साथियों के साथ गांव सिद्धिपुर लोवा के खेत में ट्रांसफार्मर से क्वायल चोरी की थी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32W2HKX