तीन अगस्त को मनाए जाने वाले रक्षाबंधन पर्व को 7 दिन शेष हैं। ऐसे में रोडवेज डिपो प्रशासन के जीएम ने स्टाफ के साथ मीटिंग कर प्लानिंग तैयार की है। मीटिंग में सहमति बनी है कि डिमांड वाले रूट पर एक बस में अधिकतम 30 से 40 यात्रियों को बस परिवहन सुविधा दी जाए।
बस स्टैंड पर आने वाली महिला यात्रियों व परिजनों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए ऑन स्पॉट डिमांड वाले रूट पर बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। स्टाफ ने पिछले कुछ वर्षों के आधार पर की गई समीक्षा में पाया है कि रक्षाबंधन पर बसों की सर्वाधिक डिमांड झज्जर, रेवाड़ी, हिसार, जींद, भिवानी, फतेहाबाद, सोनीपत और फरीदाबाद रूट सहित लोकल के ग्रामीण रूट फरमाणा, रिठाल, खिड़वाली, निंडाना, खरैंटी, किलोई गांव के लिए अधिक रहती है।
प्रदेश सरकार पर महिला विरोधी होने के लगाए आरोप, सभी बसें चलाने की मांग की
हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष इंद्र सिंह बधाना, प्रदेश महासचिव सरबत सिंह पूनिया, प्रेस प्रवक्ता श्रवण कुमार जांगड़ा व राज्य कार्यालय सचिव जयकुंवार दहिया ने सयुंक्त बयान जारी किया है। इसमें रक्षाबंधन पर महिलाओं को मिल रही फ्री यात्रा सुविधा वापस लेने के परिवहन मंत्री के बयान पर कहा कि परिवहन मंत्री का ये फैसला भाजपा-जजपा सरकार का महिला विरोधी होने का प्रमाण है।
कर्मचारी नेताओं ने सरकार से पुरजोर मांग की 3 अगस्त को विभाग की सभी बसें चलाकर सोशल डिस्टेंसिंग की पालना कराते हुए रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं को मिल रही फ्री यात्रा सुविधा जारी रखें। इस दौरान कर्मचारियों को पीपीई किट सहित सुरक्षा के लिए सभी उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं।
महिलाओं काे नहीं मिलेगी फ्री परिवहन सुविधा
इस वर्ष कोरोना काल की वजह से रोडवेज बसों में सरकार ने महिलाओं के लिए फ्री परिवहन सुविधा देने से मना कर दिया है। इस बार डिपो प्रशासन के सामने रक्षाबंधन पर्व पर डिपो में जुटने वाली भीड़ को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराते हुए अधिक से अधिक यात्रियों को बस परिवहन सुविधा दे पाना बड़ी चुनौती रहेगा। वहीं रोहतक रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक गुलाब सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन जिस रूट पर यात्रियों की डिमांड आएगी, वहां के लिए नियमों का पालन कराते हुए बसों का संचालन किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2EkMOU9