सरकारी कार्यालय में भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी पर पूरी तरह से अंकुश लगाने, योजनाबद्ध तरीके से किए जाने वाले क्राइम पर कंट्रोल करने के लिए सरकार ने एक ओर बड़ा कदम उठाया है। सोनीपत अब सीधा सीएम फ्लाइंग की निगरानी में होगा। रोहतक मंडल के डीएसपी अब सोनीपत में बैठेंगे। इसके लिए सेक्टर-14 चौकी की फिलहाल बंद पड़ी बिल्डिंग में डीएसपी का कार्यालय बना दिया गया है। यह कार्यालय अगस्त में शुरू होगा। इन दिनों तहसीलों में चल रही जांच चर्चा का विषय बनी हैं।
वीआईपी एरिया में सुरक्षा भी बढ़ेगी : पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सीएम फ्लाइंग के कार्यालय के लिए सोनीपत में काफी समय से जगह की तलाश की जा रही थी। काफी मंथन करने के बाद यह जगह पसंद आई। इस जगह से जीटी रोड बेल्ट जहां नजदीक है, वहीं आसपास वीआईपी एरिया है। यहां की सुरक्षा भी चौकस हो सकेगी।
शिकायत पर अब तुरंत एक्शन लिया जाएगा। इसके लिए सोनीपत के सेक्टर-14 चौकी की बिल्डिंग में सीएम फ्लाइंग का कार्यालय बनाया जा रहा है। अब तक सोनीपत में सीएम फ्लाइंग का कार्यालय नहीं था। अजित, डीएसपी सीएम फ्लाइंग।
तहसीलों में चल रही रिकॉर्ड की जांच
सीएम फ्लाइंग द्वारा एचएसवीपी कार्यालय , आरटीए कार्यालय की जांच के बाद, अब तहसील कार्यालय में जांच की जा रही है। शिकायतें हैं कि बिना डीटीपी और नगर निगम के एनओसी के तहसीलों में रजिस्ट्री की गई। लॉकडाउन की गई रजिस्ट्री जांच के दायरे में हैं। नया सॉफ्टवेयर अपडेट भी तहसीलों में हो रहा है।
इस पहल का यह लाभ
- अब सीएम फ्लाइंग गुप्त सूचना पर सोनीपत में तुरंत रेड कर सकेगी।
- रेड करने के लिए रोहतक से दौड़ नही लगानी होगी।
- इसके साथ सोनीपत में जो मादक पदार्थ गैंग , शराब तस्कर सक्रिय हैं, उन अंकुश लगाने का कार्य बेहतर तरीके से हो सकेगा।
- सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार को रोका जा सकेगा।
- आला कमान को जो शिकायत की जाती हैं, उनकी जांच में तेजी आएगी।
- सरकारी कार्यालय में अधिकारी समय पर आ रहे हैं या नहीं, जनता के कार्य सरकारी कार्यालयों में समय पर हो रहे हैं या नहीं इस पर नजर होगी।
सेक्टर-14 की बंद चौकी की बिल्डिंग में बनेगा ऑफिस
सिविल लाइन थाना सेक्टर-15 में बनने के बाद सेक्टर-14 चौकी को एसपी ने बन्द कर दिया था। इस इस बिल्डिंग में ही कार्यालय बनेगा।
एनसीआर एरिया में क्राइम कंट्रोल करना भी मकसद : सीएम फ्लाइंग का सोनीपत में दफ्तर खोलने का एक ओर मकसद एनसीआर एरिया में बढ़ते क्राइम, जालसाजी, शराब व मादक पदार्थों की तस्करी को रोकना है। गलत तरीके से फैक्टरी में माल बनाने पर भी रोक लगेगी।
2019 से राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में सोनीपत : सोनीपत के खरखौदा में अवैध शराब के कारोबार, लग्जरी कारों को चोरी कर उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने का फर्जीवाड़ा, कैंसर पीड़ितों की हादसे में मौत दिखाकर क्लेम लेने के मामले के कारण 2019 से राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में रहा है। जिसके चलते यहां बड़ी जांच एजेंसी लगातार अपना डेरा डाल रही हैं।
सेक्टर-15 में सिविल लाइन थाना बनाने के बाद सेक्टर-14 चौकी बंद कर दी गई थी। अब यह बिल्डिंग सीएम फ्लाइंग को अलॉट कर दी है। जश्नदीप रन्धावा, एसपी सोनीपत।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hTO8fq