मॉडल टाउन में सड़कों का निर्माण करना स्थानीय दुकानदारों के लिए खासी परेशानी बन गया है। दुकानदार लगातार काम को तेजी से पूरा करने की मांग उठा रहे हैं, मगर नगर परिषद ठेकेदार को आगे कर पल्ला झाड़ लेती है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि पहले लॉकडाउन और अब सड़कों को उखाड़कर काम बीच में छोड़ दिए जाने से कारोबार बुरी तरह प्रभावित है।
स्थानीय लोगों को भी आने-जाने में खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। ठेकेदार द्वारा पेमेंट की बात कही तो स्थानीय दुकानदारों ने खुद पैसे इक्कट्ठे कर देने की हामी भर दी, ताकि अधिकारी खुद ही अपनी जिम्मेदारी का अहसास कर लें। क्योंकि सड़कों को खोदकर डालने की व्यवस्था ने सुविधा से पहले ही भारी समस्या पैदा की हुई है।
जगह-जगह से रास्ते किए हुए हैं बंद
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि ठेकेदार ने काम शुरू कर दिया। सड़कें उखाड़ दी तो इससे आवागमन प्रभावित हो गया। अब सड़कों को जगह-जगह से बंद कर दिया गया है। इससे न तो आम लोग निकल पा रहे हैं और ना ही स्थानीय दुकानदारों तक ग्राहक पहुंच पा रहे हैं। सड़कों के बीच में नाले खुले पड़े हैं। स्थानीय दुकानदार बहादुर लाल, सतबीर चौहान, सोनू, सैम, देवेंद्र, गौरव व शांतनु आदि का कहना है कि प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारी लोगों की परेशानी समझें और सड़कों का काम जल्द से जल्द पूरा कराएं।
बावल रोड पर वाहन फिसलने से कई दुपहिया वाहन चालक हुए चोटिल
वाहन चालकों के लिए नासूर बने शहर के बावल रोड की जर्जर होती स्थिति की वजह से अब हादसे से भी होने लगे हैं। शुक्रवार शाम को सड़क की एक लाइन पर जमा कीचड़ व फिसलन की वजह से पांच वाहन चालक गिर गए। हालांकि गनीमत यह रही कि घटना में किसी को अधिक चोट नहीं आई। वहीं बड़ा हादसा भी टल गया क्योंकि पीछे से आने वाले वाहनों की रफ्तार कम थी। शहर का बावल रोड मेंटिनेस नहीं होने के कारण जर्जर हालत में है। फिलहाल यह सड़क मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को हस्तांतरित हो चुकी है।
इसकी अभी तक बारिश के बाद मरम्मत नहीं हुई है। शहर में 3 दिन पहले हुई बारिश की वजह से अब सड़क की हालत और भी खराब हो गई है। गहरे गड्ढों के अलावा कीचड़ से फिसलन भी पैदा हो गई है। इसी के चलते शुक्रवार शाम को यहां पर कीचड़ और फिसलन के चलते एक के बाद 5 दुपहिया वाहन चालकों के वाहन स्लिप हो गए। स्थानीय लोगों ने नया रोड बनने तक इसकी मरम्मत कराने की मांग की है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2EzW6ML