नवनियुक्त एसपी राजेश दुग्गल ने पदभार संभालने के बाद शनिवार को पुलिस लाइन में जिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की मीटिंग ली। मीटिंग में जिले के सभी डीएसपी, सभी थाना प्रभारी और सीआईए स्टाफ वन व टू के अलावा सभी चौकी प्रभारी शामिल हुए। पहले सभी से परिचय लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस के लिए उसकी वर्दी उसका गहना होती है। वर्दी ही हमारी पहचान है। इसकी गरिमा को बनाये रखना हर पुलिस कर्मी का कर्तव्य बनता है।
उन्हें इस बात से कोई सरोकार नहीं कि पहले उनका काम कैसे था। वे अपने समय के काम को ही देखते हैं। जिस काम की शुरुआत, मध्य व अंत अच्छा हो वाही काम अच्छा कहलाता है। पुलिस मुलाजिमों के वेलफेयर में किसी भी प्रकार की कमी नहीं की जाएगी। किसी भी अवकाश आदि के लिए कोई दिक्कत नहीं होगी, लेकिन सभी को अपनी ड्यूटी को प्राथमिकता देनी होगी। अपनी ड्यूटी ईमानदारी से करें। कोई भी अपनी पॉवर का गलत इस्तेमाल नहीं करेगा। ऐसा करने वाले मुलाजिम को बख्शा नहीं जाएगा।
खुद के लिए निकाले समय
ड्यूटी की व्यस्तता होने के साथ अपने आप के लिए कुछ न कुछ समय निकालें। आम लोगों की जायज बातें अवश्य सुने। खासकर जन प्रतिनिधियों की जायज बातों पर गौर करें। सभी प्रबंधक थाना प्रभारी अपने हलके की वारदात बारे तुरंत सीनियर अधिकारी को सूचित करेंगे। सभी थाना प्रभारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से खुल कर बात करें ताकि उनका आपस में अच्छा तालमेल बना रहे। किसी भी कर्मचारी को घरेलू या विभाग संबंधित कोई समस्या हो तो वह तुरंत अपने उच्च अधिकारी से बात करने में परेशानी महसूस न करे। प्रबंधक थाना, चौकी व प्रभारी अपराध शाखा यह सुनिश्चित करे की उनका कोई भी कर्मचारी शराब पीकर या अन्य किसी नशे के कारण पुलिस विभाग की छवि खराब न करे। ऐसे पुलिस कर्मचारी की तुरंत सूचना दें ताकि ऐसे लोगों को आम जनता के बीच से हटा कर उनका तबादला पुलिस लाइन में किया जा सके। सभी प्रबंधक थाना व चौकी में सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
रविवार को करें आपस में भोज
एसपी ने कहा कि रविवार के दिन विशेष भोज की व्यवस्था करें। ताकि कर्मचारियों में आपसी तालमेल बना रहे। शिकायतों का थाना में तुरंत निपटारा करें। ताकि आम लोगों को चक्कर न काटने पड़े। जिला में प्रभावी पेट्रोलिंग शुरू करें। ताकि अपराधियों में डर बना रहे कि पुलिस सड़कों पर घूमती है। इलाके के मौजिज लोगों से भी पूरा तालमेल रखें। मीटिंग में डीएसपी राजकुमार वालिया, गुरमेल सिंह, सीआईए वन प्रभारी प्रतीक कुमार, टू प्रभारी मलकीत सिंह, सदर प्रभारी नरेश कुमार, केयूके प्रभारी नसीब सिंह, ज्योतिसर चौकी प्रभारी नरेश कुमार, सुभाष मंडी प्रभारी कुलदीप सिंह, प्रवक्ता रोशनलाल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2GaAEhG