बस स्टैंड क्षेत्र में जमा रहने वाले ऑटो रिक्शा चालकों के खिलाफ साेमवार को रोडवेज ने विशेष अभियान चलाकर 14 ऑटो रिक्शा के चालान काटे और उन्हें इंपाउंड किया। इसके विरोध में ऑटो चालकों ने बस स्टैंड के बाहर रोडवेज जीएम के खिलाफ नारेबाजी की। ऑटो इंपाउंड को लेकर ऑटो चालक जीएम से मिले और रोडवेज की कार्रवाई पर रोष जताया। सोमवार को जीएम गुलाब सिंह दूहन व रोडवेज के अन्य अधिकारियों ने बस स्टैंड के बाहर सवारियों के इंतजार में खड़े 14 ऑटो रिक्शा इंपाउंड किए। सभी ऑटो को रोडवेज वर्कशॉप में जमा कर दिया। इससे ऑटो चालकों में हड़कंप मच गया।
इसके चलते ऑटो रिक्शा चालकों की बस स्टैंड के बाहर मीटिंग हुई और रोडवेज जीएम गुलाब सिंह दूहन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद ऑटो रिक्शा यूनियन के प्रधान राजेन्द्र सोनी जीएम गुलाब सिंह दूहन से मिले और कहा कि ऑटो रिक्शा चालक दिनभर में बड़ी मुश्किल से 200 से 300 रुपये कमा कर परिवारों का पालन पोषण करते हैं। ऑटो रिक्शा चालक नियमों का पालन कर रहे हैं इसके बावजूद उनके चालान काटना व इंपाउंड करना गलत है। उन्होंने जीएम से कहा कि शहर में अनेक स्थानों पर अवैध सवारी वाहन सवारियों को लेकर जाते हैं। इसलिए कार्रवाई उनके खिलाफ होनी चाहिए न ऑटो चालकों के खिलाफ।
गुजारा करना भी मुश्किल
ऑटो रिक्शा चालक प्रवीन कलिंगा, सतीश खरक, संदीप दांग खुर्द आदि ने बताया कि रोडवेज विभाग के अधिकारियों ने उनके ऑटो रिक्शा को इंपाउंड किया है। वे बड़ी मुश्किल से दिनभर में 200 से 300 रुपये कमाते हैं लेकिन उनके ऑटो इंपाउंड करने व चालान काटे जाने से अब उनके लिए परिवार का पालना पोषण करना मुश्किल हो जाएगा।
लग जाता है जाम
ऑटो रिक्शा चालक दिनभर बस स्टैंड के मेन गेट के बाहर जमा रहते हैं। इससे बसों को बस स्टैंड के अंदर आने में दिक्कत आती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इन्हें बस स्टैंड के आसपास से ऑटो हटाने के निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद ये बस स्टैंड के बाहर जमा रहते हैं। एक बार में तीन से चार बस आती हैं तो ऑटो के कारण जाम लग जाता है।'' -गुलाब सिंह दूहन, जीएम
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3m43mAt