नवरात्र में कु़ट्टू के आटे की रोटी खाकर व्रतधारियों के बीमार होने से सीएम फ्लाइंग दस्ता हरकत में आ गया। सीएम फ्लाइंग ने फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की टीम को साथ लेकर शहर में विभिन्न छह क्षेत्रों में करियाना की दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुट्टू, सिंघाड़ा व सामक के आटे के 9 सैंपल भरे। सीएम फ्लाइंग दस्ते की कार्रवाई की भनक लगते ही कई दुकानदार अपनी दुकानों को बंद करके खिसक गए, जबकि अधिकतर दुकानों से कु़ट्टू व सामक का आटा ही गायब हो गया। शहर में यह छापामार कार्रवाई लगातार 7 घंटे तक चली, दुकानदार कार्रवाई से डरे रहे। छापामार टीम का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग के इंचार्ज शीशपाल और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार ने किया।
कुट्टू का आटा खाने से लोगों के बीमार होने की खबर पर सीएम फ्लाइंग दस्ता और फूड एंड एडमिनिस्ट्रेशन की संयुक्त टीम ने शहर में करियाना की दुकानों पर छापा मारा। टीम ने उन क्षेत्रों की दुकानों से सैंपल भरने का टारगेट साधा जहां-जहां से लोग कु़ट्टू का आटा खाने से बीमार होकर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज, सिविल अस्पताल और अन्य निजी अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंचे थे। अब उनकी हालत में सुधार हाे रहा है। टारगेट के तहत छापामार टीम ने कुंजपुरा रोड से चरण करियाणा स्टोर से कु़ट्टू के आटे का सैंपल भरा। कुंजपुरा रोड से विनीत कुमार करियाना स्टोर से सामक मुरा का सैंपल भरा, पंकज करियाना स्टोर आरकेपुरम से कु़ट्टू के आटे के दो सैंपल भरे। इसी शृंखला में सेक्टर-8 में भारत सुपर स्टोर से सिंघाड़ा के आटे का सैंपल लिया। सेक्टर-8 में ही सन्नी डिपार्टमेंटल स्टोर और इसके साथ वाली दुकान देव डिपार्टमेंटल स्टोर से कु़ट्टू के आटे का सैंपल भरा। इसके अलावा सर्राफा बाजार और सदर बाजार से सैंपल लिया गया।
अधिकारी बोले- मिठाइयों के सैंपल भरने की कार्रवाई जल्द होगी शुरू
सीएम फ्लाइंग दस्ता और फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन की टीम ने शहर में सुबह 11 बजे छापामार कार्रवाई शुरू की, जो शाम को 6 बजे तक चली। इस दौरान 9 सैंपल भरने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया। यह छापा खासकर क्षेत्रों की उन दुकानों पर मारा गया, जहां से लोग कु़ट्टू के आटे की रोटी खाने से बीमार हुए थे। त्योहारी सीजन में मिठाइयों को क्रय-विक्रय प्रमुखता से होता है। गत दिनों सीएम फ्लाइंग ने पांच सैंपल लिए थे। टीम ने कहा इसके अलावा जल्द ही दोबारा से मिठाइयों की दुकानों पर सैंपल भरने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
चंडीगढ़ भेजे सैंपल, रिपोर्ट फेल होने पर होगी कार्रवाई
लिए गए सैंपल को चंडीगढ़ लैब में भिजवाया गया है। जिन दुकानदारों के खाद्य पदार्थों के सैंपल की रिपोर्ट फेल आएगी तो उनके खिलाफ एक्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। कई और घटिया खाद्य पदार्थों की बिक्री होने की शिकायतें मिल रही हैं।
3 दर्जन लोग हो गए थे कुट्टू की रोटी खाने से बीमार
नवरात्र में व्रत रखने वाले तीन दर्जन लोग संडे को बीमार हो गए थे। किसी को पेट दर्द तो किसी को उल्टी, दस्त व चक्कर आने की शिकायत रही। डॉक्टरों के अनुसार लोगों को फूड पॉइजनिंग की समस्या झेलनी पड़ी।
दुकानदार पुराने आटे की बिक्री बिलकुल न करें
दुकानदार पुराने आटे की बिक्री बिलकुल न करें। टीम लगातार नजर बनाए हुए है। सोमवार को 9 सैंपल भरे गए हैं। इसके साथ मिठाइयों की दुकानों पर भी छापामारी की जाएगी।
-डॉ. संदीप, खाद्य सुरक्षा अधिकारी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3m21yb9