जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ ही मौत का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है। सोमवार को जिले में दो कोरोना संक्रमित महिलाओं की मौत हो गई है। जबकि सोमवार को एक कोरोना पॉजिटिव का नया केस सामने आया है। कोरोना से गंभीर मरीजों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार से सीरो सर्वे भी शुरू कर दिया है। इस सर्वे में 750 लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। जिससे यह पता चलेगा कि कितने लोग बिना लक्षण और उपचार के ही कोरोना होने पर खुद ही ठीक हो चुके हैं। ऐसे लोगों की एंटी बॉडी होती है जो अपना प्लाजमा कोरोना संक्रमित गंभीर मरीज को देकर उसकी जान बचा सकते हैं।
विभाग ने किया शवों का अंतिम संस्कार
जिले में अब तक कोरोना संक्रमित 4 लोगों की मौत हो चुकी थी। लेकिन सोमवार को एक ही दिन में कोरोना संक्रमित दो महिलाओं की और मौत हो गई है। जिससे जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। सोमवार को शहरवासी 47 वर्षीय महिला और ग्रामीण क्षेत्र में 53 साल की महिला ने दम तोड़ दिया है। जिनका दाह संस्कार स्वास्थ्य विभाग ने अपनी देखरेख में करवाया है।
संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 814 पर पहुंचा
जिले में सोमवार को एक नए कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि हुई है। इसके बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 814 पर पहुंच गया है। वहीं जिले में अब 202 एक्टिव केस हैं और 606 मरीज ऐसे भी हैं जो कोरोना से जंग जीतकर अपने घर ठीक होकर लौट चुके हैं। जिले में सोमवार को कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मौत का आंकड़ा भी बढ़कर 6 पर पहुंच गया है।
अगस्त में मिले थे 68 एंटी बॉडी
स्वास्थ्य विभाग ने 21 व 22 अगस्त को भी दो दिन जिले में सीरो सर्वे के दौरान 850 लोगों के सेंपल लिए थे। इनमें से 68 ऐसे लोग सामने आए थे जिनकी एंटी बॉडी बन चुकी थी। यह वे लोग थे जिन्हें कोरोना हो चुका था और खुद ही बिना दवाइयों व उपचार के ही ठीक हो गए थे। जिस इंसान की एंटी बॉडी है उसमें कोरोना होने पर कोई लक्षण भी दिखाई नहीं देते हैं।
इस बार 750 लोगों के लिए जाएंगे सैंपल
स्वास्थ्य विभाग जिले में सोमवार व मंगलवार को सीरो सर्वे करेगा। इसके लिए सोमवार सुबह ही स्वास्थ्य विभाग की 16 टीमें शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में सेंपल लेने पहुंच गई थी। स्वास्थ्य विभाग दो दिन में अलग अलग जगहों पर जाकर कुल 750 सेंपल लेगा। इसके बाद रिपोर्ट में जितने भी एंटी बॉडी मिलते हैं उनसे स्वास्थ्य विभाग की तरफ से प्लाजमा डोनेट करने के लिए आग्रह किया जाएगा।
गंभीर मरीजों को डोनेट करें प्लाजमा
जिले में कोरोना पॉजिटिव दो महिलाओं की सोमवार को मौत हो गई है। इसके बाद जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। कोरोना से जिन मरीजों की हालत गंभीर है उन्हें बचाने के लिए लोगों के सैंल लेकर एंटी बॉडी जांची जा रही है। ताकि एंटी बॉडी वाले लोगों को जागरूक करके प्लाजमा डोनेट करवाया जा सके।'' -डॉ.संजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jh10MK