कोरोना से बचाव को लेकर मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग व हाथ सेनिटाइज करने को लेकर बरती जा रही लापरवाही का असर दिखने लगा है। रविवार को कोरोना के 40 नए मरीज मिले। 25 दिन बाद इतने केस आए हैं। इससे पहले 14 अक्टूबर को 50 मरीज मिले थे, जबकि 25 अक्टूबर को 9 ही मरीज पाॅजिटिव आए थे।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अगर लोग अभी नहीं संभले तो सर्दियों में कोरोना की दूसरी लहर और घातक हो सकती है। रविवार को सबसे ज्यादा 23 मरीज अम्बाला सिटी, कैंट से 5, नारायणगढ़ से 4, शहजादपुर व चौड़मस्तपुर से 3-3, मुलाना व बराड़ा से एक-एक मरीज मिला। जिले में कोरोना का कुल आंकड़ा 9190 पहुंच गया और 116 मरीजों की मृत्यु हाे चुकी है।
30 मरीज डिस्चार्ज हुए, अब 149 एक्टिव केस
रविवार को ठीक हुए 30 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। अब जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 149 है। रिकवरी रेट 97.12 प्रतिशत है, जोकि 15 अक्टूबर के बाद से प्रदेश में सबसे आगे बना हुआ है। मरीज डबल होने की दर 233 दिन है। सिविल सर्जन के मुताबिक जिले में प्रति 10 लाख मरीजों पर अभी तक 1,04,981 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इसकी दर प्रदेश की औसत से ज्यादा है। जिले में 1,18,419 लोगों के कुल टेस्ट हुए हैं। इनमें से 88,561 सैंपल आरटीपीसीआर से जबकि 29,858 सैंपल एंटीजन टेस्टिंग किट से लिए गए हैं।
इन इलाकों से मिले कोरोना पाॅजिटिव मरीज
सेक्टर-8 से 2 व सेक्टर-10 से एक मरीज मिला। त्रिवेणी रोड, कांशी नगर, रेलवे रोड, काजीवाड़ा, रामपुरा मोहल्ला व जंडली की कॉलोनी आरके पुरम से एक-एक मरीज मिला। कैंट में डिफेंस कॉलोनी, राजिंद्रा पार्क, महेश नगर, सूर्या नगर से एक-एक, नारायणगढ़ में कुराली, बड़ी बस्सी व शहजादपुर के मदनपुर में एक-एक और सीएचसी चौड़ मस्तपुर के गांव नगवा से एक मरीज मिला।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3ld12aq