पिछले साल विधानसभा चुनाव में सिटी हलके से पूर्व मंत्री निर्मल सिंह के प्रचार में कंधे से कंधा मिलाते नजर आए हिम्मत सिंह अब हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट के कार्यक्रमों से दूर दिख रहे हैं। रविवार को कनाल रेस्ट हाउस में फ्रंट के मेयर प्रत्याशी घोषित करने के मौके पर भी हिम्मत नहीं दिखे। हालांकि निर्मल सिंह ने कहा कि फ्रंट ने पार्षद प्रत्याशी चयन के लिए जो कमेटी बनाई है, उसमें हिम्मत सिंह को प्रमुख बनाया है।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में वह सिटी हलके से हिम्मत के टिकट की पैरवी कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि पिछले दो माह में ही यह तीसरा मौका है जब हिम्मत फ्रंट के कार्यक्रम में नहीं दिखे हैं। भास्कर के बार-बार संपर्क का प्रयास करने के बावजूद हिम्मत अपनी गैर मौजूदगी पर टिप्पणी करने के लिए उपलब्ध नहीं हुए।
2014 के चुनाव में हिम्मत सिंह सिटी हलके से कांग्रेस प्रत्याशी थे। वह 34,658 वोट लेकर तीसरे नंबर पर रहे थे। 2019 के विधानसभा चुनाव में भी हिम्मत ने कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर प्रचार शुरू कर दिया था। लेकिन ऐन मौके पर कुमारी सैलजा ने पूर्व विधायक जसबीर मलौर को टिकट दिलाया। ऐसे में हिम्मत कांग्रेस से बगावत करने वाले पूर्व मंत्री निर्मल सिंह के साथ आए। निर्मल सिटी हलके से निर्दलीय चुनाव लड़कर 52,843 लेकर दूसरे नंबर पर रहे थे।
कमेटी करेगी टिकटों का फैसला
फ्रंट की टिकट पर निगम पार्षद का चुनाव लड़ने के इच्छुक आवेदकों के चयन के लिए कमेटी का गठन भी किया है। इसमें हिम्मत सिंह को प्रमुख और गुलजार सिंह खन्ना माजरा को संयोजक बनाया गया है। कमेटी में देवेंद्र गुप्ता हैप्पी, पंडित रामकृष्ण कालिया, डिंपी बिंद्रा, भूपेंद्र, बलजिंद्र घेल, विनोद धीमान और फ्रंट के यूथ विंग के प्रदेश अध्यक्ष जगदीप सिंह उर्फ जग्गा खैरा शामिल हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3eIcdpc