नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने सरकार की वादाखिलाफी, हठधर्मिता, ठेका प्रथा, आउटसोर्सिंग की नीतियों और निजीकरण के खिलाफ राज्यस्तरीय रोष प्रदर्शन किया। इसकी अध्यक्षता राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने किया। प्रदर्शन में हरियाणा से बसों में संघ से जुड़े नेता और सफाई कर्मचारी पहुंचे। राज्य उपप्रधान सेवा राम बोहत, राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री व उप महासचिव सुनील चिंडालिया ने कर्मचारियों को संबोधित किया।
महासचिव मांगेराम तिगरा की अगुवाई में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा, महासचिव सतीश सेठी, प्रदेश प्रवक्ता इंद्र सिंह बधाना, हरियाणा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष राम गोपाल व जिला सचिव महाबीर पाई शामिल थे। प्रदर्शन से पूर्व नगर निगमों, परिषदों व पालिकाओं के कर्मचारी राय मार्केट में एकत्रित हुए। करीब 4 बजे कर्मचारियों ने जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए मंत्री के आवास तक पैदल मार्च किया।
जुलूस के चलते सारे रास्ते जाम हो गए। पुलिस ने जुलूस को मंत्री के आवास के बाहर रोक दिया और 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को मंत्री के निजी सचिव से मिलवाया। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपा। राज्य प्रधान शास्त्री ने ऐलान किया कि अगर सरकार ने 25 नवंबर तक मानी हुई मांगों को लागू नहीं किया तो विभाग के 42 हजार कर्मचारी 26 नवंबर को हड़ताल करेंगे और बाद में इसे अनिश्चितकालीन कर दिया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/358wu3Q