कृषि अध्यादेशों के विरोध में किसानों ने गुरुवार को जिले में 4 जगहों पर जाम लगाए। इनमें भारतीय किसान यूनियन ने कंडेला गांव में जींद-कैथल मार्ग पर, अखिल भारतीय किसान सभा ने जींद-असंध मार्ग पर अलेवा के मुख्य चौक पर और अखिल भारतीय किसान संघर्ष समिति ने हिसार-चंडीगढ़ हाइवे पर बद्दोवाल टोल प्लाजा के पास और दिल्ली-पटियाला हाईवे पर दातासिंहवाला गांव में जाम लगाया। दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक लगाए जाम के कारण इन मार्गों पर सैकड़ों वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। हालांकि इस दौरान किसी तरह की कोई शांति भंग नहीं हुई। लेकिन किसानों ने कृषि अध्यादेशों को लेकर केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।
हिसार चंडीगढ़ हाईवे पर टोल प्लाजा के पास जाम लगा रहे किसानों का कहना था कि अब 9 नवंबर को करनाल में सीएम आवास का घेराव करेंगे। जब तक सरकार कृषि अध्यादेशों को वापस नहीं लेगी तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। जाम लगाकर बैठे किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करके सरकार के तीनों कृषि कानूनों का विरोध किया। दातासिंहवाला धरने में होशियार सिंह खरल, जोगिन्द्र घासी राम नैन, जिया लाल डूंडवा, सतबीर खरल, मास्टर बलबीर सिंह, कामरेड फूल सिंह सहित अन्य किसान नेताओं ने विचार व्यक्त किए। वहीं टोल प्लाजा जाम में सत्यवान नैन, अशोक दनौदा, मनोज दनौदा, धर्मपाली बल्ली, मंदीप दनौदा सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
वहीं अखिल भारतीय किसान सभा सदस्यों ने सीपीएम के साथ मिलकर केंद्र सरकार द्वारा थोपे गए तीन कृषि बिलों को रद्द करवाने को लेकर गुरुवार दोपहर को जींद-असंध मार्ग के अलेवा मुख्य चौक पर सड़क के बीच बैठकर जाम लगा दिया। कृषि बिलों के विरोध में जाम लगा रहे किसान सभा व सीपीएम सदस्यों ने इसके विरोध स्वरूप सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष लताया। जाम लगने की सूचना मिलते ही अलेवा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहंचे। थाना प्रभारी ने सड़क के बीच बैठकर जाम लगा रहे सभा के सदस्यों को शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने की अपील की। किसान सभा के जिला प्रधान रोहताश नगूरां ने कहा कि किसानों की मांग है कि यदि मोदी सरकार इन किसान विरोधी बिलों को रद्द नहीं करती तो आने वाले समय में आन्दोलन और तेज होगा।
आढ़तियों ने भी किसानों के समर्थन में हड़ताल रखी
5 नवंबर को बंद के चलते नरवाना की सभी अनाज मंडियों के आढ़तियों ने भी किसानों के समर्थन में हड़ताल रखी। गुरुवार को कोई भी किसान अपनी फसल को लेकर मंडियों में नहीं पहुंचा और न ही आढ़तियों ने किसी प्रकार का लेनदेन किया। मंडी एसोसिएशन ने मंडी प्रधान जयदेव बंसल की अगुवाई में टोल प्लाजा पर धरने का समर्थन किया। इस दौरान जयदेव बंसल ने कहा कि वे सरकार के तीनों कानूनों के विरोध में किसान के साथ है। क्योंकि इन कानूनों से आढ़ती को भी नुकसान हुआ है। इसके अलावा सरकार लगातार किसान, आढ़ती व मजदूर विरोधी नीतियां लागू करके अपने दमन शासन दिखा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3p0L3hM