बुधवार की रात को हलालपुर-नाहरी मार्ग पर नरेला के एक आढ़ती के दो मुंशी से 40 लाख रुपए की लूट कर ली। दोनों मुंशी टोहाना से चावल की पेमेंट लेकर कार में नरेला की तरफ जा रहे थे। आगे कार अड़ाकर एक युवक ने ड्राइवर साइड शीशे पर फायर किया। इसके बाद गाड़ी की डिग्गी से रुपए ले लिए और कार में सवार अन्य युवकों के साथ फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
दिल्ली के वैशाली प्रीतमपुरा निवासी एवं नरेला अनाज मंडी में लायक राम गंगा प्रसाद के नाम से दुकान चलाने वाले आढ़ती मनीष गोयल ने पुलिस को शिकायत दी है कि उसकी दुकान पर राजेंद्र व धर्मेंद्र कुमार मुंशी का काम करते हैं जिनमें से एक पानीपत का जबकि दूसरा बिहार के दरभंगा का रहने वाला है जो मौजूदा हाल में दिल्ली में रहते हैं। उसका सेल परचेज का काम है। टोहाना में उसने चावल बेचा था, जहां से उसने 40 लाख रुपए की पेमेंट लेनी थी।
जिसे दोनों मुंशी 4 नवंबर को लेकर वापस आ रहे थे। रात्रि के समय करीब 8 बजकर 20 मिनट पर जब दोनों मुंशी होंडा सिटी कार में जब वे हलालपुर-नाहरी रोड पर पहुंचे तो एक गाड़ी पीछे से आई और उसने गाड़ी को ओवरटेक करके अपनी गाड़ी को उनकी गाड़ी के आगे अड़ा दिया। उस गाड़ी में से एक युवक उतरा जिसने उन दोनों पर पिस्तौल तान दी। जिसके बाद उन्होंने गाड़ी को रोक दिया। जब उसके मुंशी राजेंद्र ने गाड़ी का शीशा नहीं खोला तो आरोपी ने फायर किए।
राजेंद्र व धर्मेंद्र गोली लगने से बाल बाल बच गए, जबकि ड्राईवर साइड़ का शीशा टूट गया। गोली गाड़ी के मीटर में लगी। इसके बाद युवक ने डिग्गी खोली और डिग्गी में रखे हुए 40 लाख रुपए लूट लिए। जिन्हें वे अपनी गाड़ी में रखकर भाग गए। दोनों मुंशी गाड़ी लेकर उसकी नरेला स्थित दुकान पर पहुंचे जहां से उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। आढ़ती के ब्यान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस हर पहलुओं की जांच करेगी। लूट के आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। बिजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी खरखौदा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2IdqWfi