(सुशील भार्गव) कोराना महामारी की वजह से कमजोर पड़ी प्रदेश में अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीरे-धीरे तेजी पकड़ रही है। जमीनों की खरीद-फरोख्त भी बढ़ी है। सितंबर में 31,981 रजिस्ट्रियां हुईं। अक्टूबर में यह बढ़कर 59023 तक पहुंच गईं। रजिस्ट्रियों व इनसे जुड़े 26 अन्य कामों से सितंबर में 377.83 करोड़ और अक्टूबर में 547.56 करोड़ रुपए का राजस्व सरकार को मिला। यानी दो महीने में कुल 925.39 करोड़ रुपए की आमदनी सरकार को हो चुकी है।
पिछले साल के मुकाबले इस बार अक्टूबर में 51.93 करोड़ रु. अधिक का राजस्व मिला। अक्टूबर में रजिस्ट्रियों में 97.34 अरब रुपए से अधिक का ट्रांजेक्शन हुआ। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्त आयुक्त संजीव कौशल ने बताया कि नवंबर में भी बड़ी संख्या में रजिस्ट्रियां कराने के लिए लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। यानी लोगों का रुझान प्राॅपर्टी खरीद की ओर बढ़ा है। 1 अप्रैल 2019 से 31 मार्च 2020 तक रजिस्ट्रियों से 6100.27 करोड़ रुपए की आमदनी हुई थी।
1 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक 2027.24 करोड़ रु. की आमदनी हुई है। कोरोना के कारण जमीन की डीड कम होने से 1672 करोड़ रु. से ज्यादा राजस्व का नुकसान हुआ। साल 2019 में 1 अप्रैल से 31 अक्टूबर तक 3700.13 करोड़ रु. राजस्व आया था। इस बार यह 2027.24 करोड़ रु. तक ही पहुंचा। 2019 में जुलाई से अक्टूबर तक रजिस्ट्रियों से 1986.99 करोड़ रु. राजस्व मिला था। 2020 में यह घटकर 1410.71 करोड़ रुपए रह गया। यानी 4 माह में 576.28 करोड़ रुपए कम राजस्व आया।
सितंबर-अक्टूबर में 155 अरब रु. से अधिक का ट्रांजेक्शन
सितंबर-31981 रजिस्ट्रियां हुईं। इनकी ट्रांजेक्शन वेल्यू 58.61 अरब रुपए रही। अक्टूबर में रजिस्ट्रियों की संख्या बढ़कर 59023 तक पहुंच गई। ट्रांजेक्शन वेल्यू 97.34 अरब रुपए से अधिक की हुई। यानी रजिस्ट्रियों में 2 माह में करीब 155 अरब रु. की ट्रांजेक्शन हुईं। सितंबर व अक्टूबर में 21-21 दिन जमीनों की रजिस्ट्रियां हुई हैं। नवरात्र व इसके बाद जमीन की खरीद-फरोख्त में बहुत तेजी आई। नवरात्र 17 अक्टूबर से शुरू हुए थे। 19 से 23 अक्टूबर के बीच नवरात्र में 14483 रजिस्ट्रियां हुई। 19 अक्टूबर को 2859, 20 को 3027, 21 को 3009, 22 को 2978, 23 को 2610, 26 को 2375, 27 को 2811, 28 को 2957, 29 को 2271, 30 को 2642 रजिस्ट्रियां हुई हैं।
2019 व 2020 में 7 माह में रजिस्ट्रियों से राजस्व
माह साल 2019 साल 2020 कितना अंतर रहा
अप्रैल 511.90 करोड़ 32.79 करोड़ 479.11 करोड़ की कमी
मई 583.48 करोड़ 220.28 करोड़ 363.20 करोड़ की कमी
जून 617.76 करोड़ 363.46 करोड़ 254.30 करोड़ की कमी
जुलाई 544.77 करोड़ 323.10 करोड़ 221.67 करोड़ की कमी
अगस्त 490.04 करोड़ 162.22 करोड़ 327.82 करोड़ की कमी
सितंबर 456.55 करोड़ 377.83 करोड़ 78.72 करोड़ की कमी
अक्टूबर 495.63 करोड़ 547.56 करोड़ 51.93 करोड़ रु. अधिक
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34ZeYz8