पिछले 6 महीने से कोविड-19 के चलते बंद पड़े आदमपुर सिविल एयरपोर्ट पर शुक्रवार को दिल्ली से फ्लाइट आई और दोबारा रवाना हो गई लेकिन यात्रियों को इस सफर का आनंद अब शनिवार को नहीं मिल सकेगा। बताया जा रहा है कि यात्रियों की संख्या कम होने के कारण शनिवार की फ्लाइट रद्द की गई है। एयरपोर्ट अथाॅरिटी के अधिकारियों ने फ्लाइट रद्द होने की पुष्टि की जबकि रविवार को फ्लाइट चलने के बारे स्थिति स्पष्ट नहीं कर पाए।
इससे पहले शुक्रवार सुबह दिल्ली से स्पाइस जेट के 72 सीटर विमान में 11 यात्री आए जबकि दिल्ली के लिए 26 यात्री रवाना हुए। फ्लाइट की लैंडिंग का समय 10:30 बजे था लेकिन फ्लाइट करीब 15 मिनट देरी से पहुंची और दिल्ली के लिए 15 मिनट देरी से रवाना हुई। एयरपोर्ट पर कोविड-19 के संबंध में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
इस दौरान यात्रियों ने बताया कि फ्लाइट चलने से काफी राहत रही है लेकिन एयरपोर्ट पर विजिटर्स के लिए बैठने तक का उचित प्रबंध नहीं है। लोग इधर-उधर बैठने को मजबूर हैं। इस बारे एयरपोर्ट अथाॅरिटी के डायरेक्टर केवल कृष्ण ने बताया कि फ्लाइट आने से पहले वे चले गए थे। इस बारे ध्यान दिया जाएगा।
सिटी से रवाना हुईं आठ वाॅल्वो, आज भी चलेंगी
सिटी बस अड्डे से शुक्रवार को पनबस की 5 और पीआरटीसी की 8 बसें अपने निर्धारित समय पर रवाना हुईं। ट्रेनें बंद होने के कारण यात्रियों की कोई कमी नहीं रही। बस ऑपरेटरों ने बताया कि सीटें फुल होने में ज्यादा समय नहीं लगा। शनिवार को भी सभी 8 वाॅल्वो कश्मीरी गेट दिल्ली के लिए निर्धारित समय पर रवाना होंगी। लगातार दूसरे दिन यूपी-बिहार जाने वालों की गिनती ज्यादा रही।
रोडवेज की वाॅल्वो
- सुबह 10:15, दोपहर 1:15, रात 8:30 बजे।
- इसके अलावा अमृतसर डिपो की वाॅल्वो दोपहर 2 बजे। पठानकोट डिपो की वाॅल्वो दोपहर 5 बजे रवाना होती है। रोडवेज की वाॅल्वो का किराया 10:35 है।
- पीआरटीसी की वॉल्वो सुबह 8:20 बजे, शाम 6:00 बजे, शाम 7:00 बजे रवाना होगी और किराया 1015 रुपए है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35NuTRi