किसान संगठनों ने गुरुवार को दिल्ली-चंडीगढ़ हाईवे स्थित पुराने टोल टैक्स के पास गांव रायपुर रोडान में तीन कृषि अध्यादेश कानून के खिलाफ जाम लगाया। दाेपहर 12 बजे से लेकर शाम चार बजे तक राेड काे बाधित किया गया। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों ने तीन अध्यादेश कानून को तुड़वाने के लिए दोबारा से आंदोलन की चेतावनी दे दी है।
भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि 12 नवंबर को कुरुक्षेत्र की कांबोज धर्मशाला में प्रदेशभर के किसान संगठन मीटिंग करेंगे। 26 नवंबर को दिल्ली कूच करेंगे। कुरुक्षेत्र मीटिंग में आंंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी। धरने पर करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला के किसानों ने हिस्सा लिया। इस दौरान पुलिस फोर्स तैनात रही।
जाम लगाने के बाद पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया। इमरजेंसी सेवाओं के वाहनों को धरना स्थल से निकलने दिया। इसमें सेना, सेना के सामान से लोड वाहन, एंबुलेंस को जाने दिया। इस अवसर पर राजेंद्र सिंह यूनिसपुर, राजेश अरजेहडी, राकेश बैस, कर्म सिंह, मलकीत सिंह, बाबू राम, रामकुमार, राजेंद्र सिंह, जीवन सिंह ने विचार रखे।
12 को कुरुक्षेत्र में आंदोलन को लेकर की जाएगी चर्चा
भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह ने कहा कि देश में 300 किसान संगठन हैं। दिल्ली में 26 और 27 को आंदोलन रहेगा। भारत बंद का आह्वान किया जाएगा। इसको लेकर 12 नवंबर को कुरुक्षेत्र में आंदोलन की तैयारी को लेकर चर्चा की जाएगी। किसानाें, आढ़तियाें, मजदूराें की इन कृषि अध्यादेश के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।
करनाल के आईटीआई चौक, बलड़ी बाईपास से वाहनों को इंद्री, लाडवा निकाला
12 बजते ही किसान हाईवे की दोनों साइडाें पर बैठ गए। वाहनों की लंबी कतारें लग गई और पुलिस ने कुरुक्षेत्र से वाहनों काे डायवर्ट करवाकर लाडवा, इंद्री होकर करनाल निकाला। इस दाैरान भारी जाम की स्थिति बनी रही। इसी तरह करनाल के आईटीआई चौक, बलड़ी बाईपास से वाहनों को इंद्री, लाडवा से कुरुक्षेत्र के उमरी गांव से होकर जीटी रोड पर वाहनों को निकाल दिया गया। इसके अलावा गांव बुटाना व संधीर की तरफ से भी वाहनों को भेजा गया। वाहन चालकों को इससे ज्यादा टाइम जरूर लग गया। चार घंटे वाहन चालकाें काे भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लुधियाना के महेंद्र ने कहा कि किसानाें का गुस्सा जायज है, लेकिन जीटी राेड काे राेकना गलत है, इससे बेवजह लाेगाें काे परेशानी हाेती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3p30kik