नई अनाज मंडी में फसल की आवक अधिक होने से रविवार को भी शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। महम-जींद बाईपास रोड पर करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस प्रशासन ने दूसरे वाहनों की आवाजाही को सुचारू रखने के लिए फसल लेकर आने वाले ट्रैक्टरों की रोड के एक तरफ लाइन लगवा दी। रोड के एक तरफ लगे जाम में किसान करीब सात घंटे तक फंसे रहे। रोड की दूसरी तरफ से अन्य वाहनों की आवाजाही करवाई गई।
अनाज मंडी में गेटपास जारी करने का कार्य देरी से शुरू होने के कारण किसानों को प्रतिदिन जाम की स्थिति झेलनी पड़ रही है। किसानों को महम रोड से अनाज मंडी तक तीन किलोमीटर का सफर तय करने में छह से सात घंटे तक लग रहे हैं। जाम का असर महम रोड, बरोदा रोड और जींद रोड पर भी पड़ता है। इससे शहर में आने वाला ट्रैफिक भी बाधित हो रहा है।
रविवार को पुलिस प्रशासन ने जाम की स्थिति से निपटने के लिए सड़कों पर फसल लेकर आने वाले किसानों की एक लाइन बनवा दी। पुलिसकर्मियों ने फसल लेकर आने वाले किसानों को लाइन तोड़कर आगे नहीं जाने दिया। इससे रोड के दूसरी तरफ का रास्ता खुला रहा। इस रास्ते से केवल दूसरे वाहनों को ही आने-जाने दिया गया। पुलिस की इस व्यवस्था से दूसरे वाहन जाम में नहीं फंसे। किंतू इस व्यवस्था से भी किसानों को राहत नहीं मिली। किसानों को रविवार को भी घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।
नई अनाज मंडी में प्रतिदिन पहुंच रहा है 60 से 70 हजार क्विंटल धान
नई अनाज मंडी में प्रतिदिन 60 से 70 हजार क्विंटल धान की आवक हो रही है। आवक में वृद्धि होने के कारण ही सड़कों और मंडी परिसर में जाम की स्थिति बनी रहती है। अधिकारियों के अनुसार मंडी में करीब आठ लाख क्विंटल धान की आवक हो चुकी है।
पुलिस प्रशासन के सहयोग से बनवाई है व्यवस्था : जगजीत
फसल की आवक अधिक होने के कारण मंडी परिसर और रोड पर जाम की स्थिति बनती है। जाम से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन के सहयोग से रोड व मंडी में एक ही लाइन में आने की व्यवस्था बनवाई है।
-जगजीत काद्यान, सचिव, मार्केट कमेटी, गोहाना
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3eeiVmy