कस्बे के गोंदर रोड पर दुकानदारों ने बिना नक्शा पास करवाए ब्लॉक समिति की 14 दुकानों की रिपेयरिंग का कार्य शुरू कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही नपा प्रशासन ने मौके पर पहुंच कार्य बंद करवाते हुए निर्माण को अवैध करार दिया। नपा एमई मदन मोहन गर्ग, लेखाकार महावीर मलिक व जेई राजकुमार सहित अन्य ने निर्माण सामग्री को भी जब्त कर लिया। वहीं निर्माण कर रहे राजमिस्त्री को रोक दिया।
उन्होंने कहा कि डीसी के आदेशानुसार नपा क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति व विभाग बिना नक्शा के निर्माण नहीं कर सकता। इसी बात को लेकर दुकानदार भड़क गए। उन्होंने सड़क पर आकर विरोध जताया। इसके साथ ही दुकानदारों ने जब्त किए सामान को ट्रैक्टर-ट्रॉली से उतारकर गोंदर रोड पर जाम लगाया और नगरपालिका अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद पंचायती राज के जेई भारतेंदू पाठक मौके पर पहुंचे और राजमिस्त्री से निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही, लेकिन राजमिस्त्री ने कार्य करने से मना कर दिया। इसके बाद पंचायती राज के जेई दुकानदारों के साथ नगरपालिका कार्यालय पहुंचे और दुकानों का कार्य रूकवाने की बात पूछी। नपा एमई मदन मोहन गर्ग व लेखाकार महावीर मलिक ने उपायुक्त करनाल का लिखित आदेश उन्हें दिखाया और नगरपालिका क्षेत्र में नक्शा पास करवाकर दुकानों का निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही।
इस संबंध में बीडीपीओ सुमित चौधरी का कहना था कि दुकानें ब्लाॅक समिति की हैं। जिनकी छत व फ्लोर की रिपेयर का प्रस्ताव पास होने पर कार्य शुरू किया गया था। लेकिन नगरपालिका कर्मियों ने नक्शा की बात कहकर काम रूकवा दिया है। नपाकर्मियों से इस बारे में बात भी हुई। नक्शा नव निर्माण का बनवाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सोमवार को डीसी करनाल के साथ इस विषय पर बातचीत की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/392MbMw