सर्दी का मौसम कोरोना संक्रमण फैलाव के लिए अनुकूल माना जा रहा है। वहीं फेस्टिवल सीजन पर लगी भीड़ के कारण भी संक्रमण बढ़ने का डर बना हुआ है। ऐसे में सीएमओ ने अपने कर्मचारियों को ज्यादा से ज्यादा सेंपल लेने के लिए कहा है। इतना नहीं स्कूलों में भी बच्चे संक्रमित मिलने लगे हैं इसलिए शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर सीएमओ ने सभी स्कूलों के स्टॉफ सदस्यों सहित सभी बच्चों के कोरोना जांच करवाने के लिए कहा है। वहीं शुक्रवार को भी जिले में 12 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं। जिसके बाद जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 1222 पर पहुंच गया है। सीएमओ डॉ.सुदर्शन पंवार ने कहा कि फेस्टिवल सीजन में लोगों की बाजारों में आवाजाही बढऩे से कोरोना संक्रमण के फैलाव का अंदेशा बढ़ा है।
इसके अलावा सर्दी का मौसम भी संक्रमण फैलाव के अनुकूल माना जा रहा है। इसलिए आमजन को अब कोरोना को लेकर और अधिक सतर्कता दिखाने की जरूरत है। छोटी सी लापरवाही स्वयं व दूसरों के लिए जानलेवा हो सकती है। सीएमओ ने कहा कि बुखार, सूखी खांसी, सांस लेने में तकलीफ और किसी चीज की खुशबू न आना जैसे लक्षण होने पर तुरंत कोरोना टेस्ट करवाए। कोरोना पॉजिटिव केस होम आइसोलेशन के दौरान अपने घर पर एकांत में रहते हुए पूरे नियमों का पालन करें।
अगर किसी कोरोना पॉजिटिव केस की घर से बाहर आवागमन की सूचना मिली तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सीएमओ डॉ.सुदर्शन पंवार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत सभी अधिकारी व फील्ड कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि आमजन को कोरोना टेस्ट करवाने बारे ज्यादा से ज्यादा प्रेरित करे। सिविल सर्जन द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी को भी अपने जिले के सभी स्कूलों के अध्यापकों, स्टाॅफ सहित बच्चों का कोरोना टेस्ट करवाने के लिए पत्र लिखा है।
उन्होंने कहा कि अभी तक कोरोना की कोई वैक्सीन नहीं आई है। जब तक दवाई नहीं आती है तब तक मॉस्क ही इससे बचाव का उपाय है। इसके अलावा अपने हाथों को सैनेटाइज करना, साबुन से हाथों को धोना, उचित दूरी बनाए रखना, भीड़ वाले स्थान पर जाने से बचना आदि छोटी-छोटी सावधानियां हैं, जिन्हें अपना कर हम स्वयं को व दूसरों का कोरोना से बचाव कर सकते हैं। सीएमओ ने कहा कि अब जिले में 250 एक्टिव केस हैं और 960 कोरोना संक्रमित मरीज ठीक होकर अपने घर वापस लौट चुके हैं। इन संक्रमितों में से 12 मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35PMRTh