नप हाउस मीटिंग में मंगलवार को पार्षदों ने सेक्टर में बंद पड़ी 50 प्रतिशत स्ट्रीट लाइट व शहर में जगह जगह फैली गंदगी को लेकर अधिकारियों को खरी खोटी सुनाई। नप के वाइस चेयरमैन मामनचंद ने संबंधित ठेकेदार को डाट फटकार लगाई व सख्त आदेश दिए कि अगर तीन अंदर के सभी खराब स्ट्रीट लाइट ठीक नहीं हुई तो नियमों के अनुसार जुर्माना वसूला जाएगा।
सूचना के बावजूद नप सचिव के मीटिंग में न पहुंचने पर पार्षद व वाइस चेयरमैन ने अधिकारी के अपनी जिम्मेदारी से भागने को गलत बताया। वाइस चेयरमैन मामनचंद की अध्यक्षता में नप हाउस की मीटिंग हुई। मीटिंग में 19 पार्षदों ने भाग लिया। चेयरमैन रणसिंह यादव ने चचेरे भाई सूबेदार मुर्गेशन यादव की दो दिन पहले अचानक मौत होने के कारण मीटिंग में भाग नहीं लिया। मीटिंग में सूचना के बावजूद नप सचिव संदीप गर्ग के न पहुंचने पर पार्षदों व वाइस चेयरमैन ने एतराज जताया।
मीटिंग में सबसे पहले पार्षद मुकेश रहेजा ने कहा कि सेक्टर-13 व 23 में 50 प्रतिशत स्ट्रीट लाइट बंद है। शाम होते ही सेक्टर में अनेक स्थानों पर अंधेरा छा जाता है। इससे सेक्टर में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। पिछले दो महीने में घरों के बाहर खड़ी तीन गाड़ी चोरी हो चुकी है। स्ट्रीट लाइट न होने से मकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी ठीक से काम नहीं करते हैं। इससे पुलिस के लिए भी चोरों की पहचान करना मुश्किल होता है। उन्होंने वाइस चेयरमैन व ईओ से तुंरत प्रभाव से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाने की मांग की।
वाइस चेयरमैन मौके पर ही संबंधित ठेकेदार को खराब स्ट्रीट लाइटों को लेकर फटकार लगाई और कहा कि तुरंत प्रभाव से लाइटों को ठीक करे। अगर तीन दिन में खराब लाइटें ठीक नहीं हुई तो नियमों के अनुसार जुर्माना वसूल किया जाएगा। ठेकेदार ने कहा कि लाइटों को ठीक करवाया जा रहा हैं। जो लाइटें अभी भी खराब है उन्हें भी ठीक किया जा रहा हैं।
पार्षद दलबीर छोटू ने कहा कि पीएमएवाई स्कीम को लेकर अधिकारी समय पर कार्य नहीं कर रहे है। अब भी सैकड़ों पात्र परिवारों को पीएमएवाई स्कीम का लाभ नहीं मिल पाया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3qlnnWj