
शहर का तापमान शून्य पर पहुंच गया है। प्रदेश में हिसार सबसे ठंडा रहा। भारतीय माैसम विभाग के अनुसार हिसार शिमला से भी ठंडा रहा। शिमला का न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री दर्ज किया गया। अभी लगातार ठंड और बढ़ेगी। न्यूनतम तापमान की बात करें ताे यह सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस कम है।
हालांकि दिन में धूप खिलने से लाेगाें काे कुछ राहत मिली। दिन का तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाे सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। पहाड़ों की तरफ से आ रही उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण रात्रि तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हुई।
माैसम का पूर्वानुमान
हरियाणा राज्य में मौसम आमतौर पर 3 जनवरी तक खुश्क तथा 1 जनवरी तक उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से रात्रि तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। कहीं-कहीं पाला जमने व अलसुबह व देर रात्रि धुन्ध रहने की संभावना रहेगी। 2 व 3 जनवरी को आंशिक बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है।
पिछले साल 29 दिसंबर काे माइनस 0.1 डिग्री था पारा
शून्य पर पहुंचा रात का पारा इस सीजन का रिकाॅर्ड है। माैसम वैज्ञानिकों का मानना है कि सीजन में अब तक की यह सबसे ठंडी रात रही। यहां यह बता दें कि पिछले साल 29 दिसंबर काे न्यूनतम तापमान माइनस 0.1 डिग्री सेल्सियस था। रिकार्ड में यह भी है कि पिछले दाे दिनाें का न्यूनतम तापमान वर्ष 2018 व 2019 में भी जमाव बिंदु पर पहुंच गया था। 2018 से पहले वर्ष 2004 तक 14 सालाें में न्यूनतम तापमान इतना नीचे कभी नहीं गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/34UeARS