नए वर्ष में क्षेत्र के मरीजों को फिजियोथेरेपी के लिए दूसरे जिला के अस्पतालों और निजी अस्पतालों में पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मरीजों की सुविधा के लिए स्वास्थ्य विभाग सिविल अस्पताल में फिजियोथेरेपी विंग शुरू करेगा। फिजियोथैरेपी विंग शुरू करने के लिए विभाग के अधिकारी अस्पताल का दौरा भी कर चुके हैं। अस्पताल में मरीजों को फिजियोथैरेपी की सुविधा निशुल्क मिलेगी।
मरीजों के लिए फिजियोथैरेपी विंग में पांच बैड की सुविधा होगी। अस्पताल में प्रतिदिन करीब 255 मरीज ओपीडी में जांच करवाने के लिए आते हैं। इनमें कई मरीज ऐसे होते हैं, जिन्हें हड्डियों, जोड़ों में दर्द, सरवाइकल और रीढ की हड्डी संबंधी बीमारी होती है। इन मरीजों को उपचार के लिए फिजियोथेरेपी की आवश्यकता होती है। ऐसे मरीजों के उपचार के लिए अस्पताल में पर्याप्त सुविधा नहीं है।
इन मरीजों को महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां और सिविल अस्पताल सोनीपत में रेफर कर दिया जाता है। दोनों ही अस्पताल शहर से दूर हैं। ऐसे में मरीज प्राइवेट अस्पतालों का रूख करते हैं। प्राइवेट अस्पतालों में फिजियोथेरेपी के लिए अधिक खर्च करना पड़ता है। गरीब वर्ग के मरीज महंगा उपचार होने के चलते बीमारी का सही उपचार नहीं करवा पाते हैं। ऐसे मरीजों को फिजियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग सिविल अस्पताल में फिजियोथेरेपी विंग शुरू करेगा। मरीजों को फिजियोथैरेपी की सुविधा नए वर्ष में मिलेगी।
प्राइवेट अस्पतालों में एक दिन के लिए एक हजार रुपए तक देनी पड़ती है फीस
सिविल अस्पताल में शुरू होने वाली फिजियोथेरेपी विंग में मरीजों को उपचार सुविधा का लाभ निशुल्क मिलेगा। जबकि मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों में फिजियोथेरेपी के लिए एक दिन की एक हजार रुपए तक फीस देनी पड़ती है। हडि्डयों, जोड़ों में दर्द का उपचार लंबा चलता है। ऐसे में प्राइवेट अस्पतालों में फिजियोथेरेपी करवाना मरीज के लिए बहुत महंगा पड़ता है।
मुख्यालय ने अस्पताल में फिजियोथेरेपी विंग शुरू करने की मंजूरी दी है। फिजियोथेरेपी विंग शुरू करने के लिए स्थान का निर्धारण किया जा रहा है। जल्दी ही स्थान निर्धारित कर लिया जाएगा। प्रयास है कि जल्दी ही मरीजों को फिजियोथेरेपी की सुविधा दी जाए। डॉ. जेएस पूनिया, सीएमओ, सिविल अस्पताल, सोनीपत।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hBI3VR