नववर्ष के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कुरुक्षेत्र को बधाई मिली। पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुरुक्षेत्र को सर्वश्रेष्ठ मकान निर्माण का अवॉर्ड दिया है। इसके तहत 2 अवॉर्ड यमुनानगर को भी दिए हैं। हरियाणा को कुल 3 अवॉर्ड मिले, जिसमें एक अवॉर्ड कुरुक्षेत्र का है।
प्रधानमंत्री ने वीसी के जरिए डीसी शरणदीप कौर बराड़, पीएमएवाई योजना के नोडल अधिकारी मदन चौहान, हरदीप कौर व दीदार नगर से प्रार्थी बीरबल व रोशनी को शुभकामनाएं दी हैं। जिले में पीएमएवाई आवास योजना के तहत 2388 आवेदन मिले। जिसमें थानेसर में 652, शाहाबाद में 418, पिहोवा में 494, लाडवा में 824 आवेदन शामिल हैं। इसमें से 414 आवेदन पत्र मकानों की मरम्मत के लिए मिले। इसके लिए सरकार की तरफ से कुल डेढ़ लाख रुपए की राशि प्रार्थी को मकान रिपेयर के लिए 3 किस्तों में दी जाती है। इसी तरह नए मकानों के लिए आए 2802 आवेदनों में से 1168 को स्वीकृति पत्र जारी किए गए।
बीरबल और उनकी पत्नी का सक्सेस स्टोरी में चयन
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत हरियाणा प्रदेश में कुल 1757 मकान बनाए गए, जिसमें से 316 मकान कुरुक्षेत्र जिले में बनाए गए हैं। इस प्रकार प्रदेश में 18 फीसदी मकान बनाने में कुरुक्षेत्र की हिस्सेदारी रही है। कुरुक्षेत्र में दीदार नगर निवासी 78 वर्षीय बीरबल और उनकी पत्नी रोशनी को सक्सेस स्टोरी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर चयनित किया गया।
1430.80 लाख रुपए का बजट मिला
प्रथम किस्त के रूप में कुल 648 लाख, दूसरी किस्त के लिए 588 लाख, तीसरी किस्त के लिए 151 लाख तथा मकान मरम्मत के लिए पहली किस्त के लिए 23 लाख 40 हजार, दूसरी किस्त के लिए 16 लाख 20 हजार, तीसरी किस्त के लिए 4 लाख 20 हजार रुपए की राशि जारी की गई है। जिले में नए मकान बनाने व मरम्मत के लिए 1430.80 लाख रुपए का बजट दिया जा चुका है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3o6aAVX