परिवहन साधनों के अभाव में पीजीआई, रेलवे स्टेशन, बसस्टैंड और बाजारों में आने-जाने के लिए 4 सेक्टरों के लगभग 8 हजार परिवार वर्षों से मुश्किल झेल रहे हैं। उनकी ओर से रोडवेज महाप्रबंधक को मांग पत्र भेजा गया है। इसमें आवागमन की सहूलियत का हवाला देते हुए 3 रूटों पर लोकल बस सेवा शुरू करने की मांग की गई है।
इससे पहले सेक्टरवासियों की बैठक हुई। इसमें उपस्थित एडवोकेट रणबीर सिंह राठी, अजय राठी, धनपत, राजपाल, जितेंदर, बलजीत, अनुज, मीरा, चंचल, राजरानी, मीना राठी, निर्मला, कमलेश, अनिता, साची, जय प्रकाश, सुशील, राम प्रवेश, रामचरन, रमेश, संजू, राकेश, श्रीपाल व राजेश आदि सेक्टरवासियों ने विचार-विमर्श के बाद 3 रूटों पर लोकल बस चलाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से तय किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सबसे ज्यादा उनको दिक्कत है।
क्योंकि सोनीपत रोड पर शीला बाईपास चौक पर फोर लेन ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। जबकि बोहर नाका पर जेएलएन नहर व भालौठ सब ब्रांच नहर पर स्टील ब्रिज बनाया जा रहा है। इसके लिए यातायात की परेशानी और बढ़ गई है।
ऑटो भी सेक्टर एरिया से होकर नहीं गुजरते हैं। जरूरत पड़ने पर वाजिब किराए से तीन गुना तक वसूलते हैं। सेक्टरवासियों ने बताया कि आबादी और लोगों की जरूरत को देखते हुए दिन में कम से कम लोकल बस के 5 फेरे तीनों मार्गों पर लगवाए जाएं। इससे सेक्टरों और उनके हाउसिंग बोर्ड में रहने वालों को यातायात की बेहतर सुविधा मिलेगी।
ये तय किए रूट
नए बसस्टैंड से राजीव गांधी स्टेडियम, सेक्टर 4 एक्सटेंशन, मॉडल स्कूल, सनसिटी रोड से सेक्टर 4 के टी-प्वाइंट होते हुए वाया सेक्टर 3, 2 और 1 से दिल्ली बाईपास से दिल्ली रोड से सीधे पुराना बसस्टैंड तक।
नए बसस्टैंड से सेक्टर होकर पीजीआईएमएस तक।
नए बसस्टैंड से सेक्टर होकर रेलवे स्टेशन।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/358xtkn