हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित कराई जा रही हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के दूसरे दिन रविवार को लेवल-वन और टू की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। सुबह के सत्र में टीजीटी लेवल टू की परीक्षा के दौरान बरसात ने बाधा डाली, लेकिन फिर भी अभ्यर्थियों की उपस्थिति 92 फीसदी रही। सुबह के समय 12 स्कूल-कॉलेजों में बनाए गए 18 केंद्रों पर परीक्षा हुई।
जबकि शाम के सत्र में लेवल-वन पीआरटी की परीक्षा 11 केंद्रों पर हुई। इस दौरान परीक्षा के लिए केंद्रों के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसके लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। प्रवेश के समय जूते व जुराब उतरवाकर चेकिंग करने के साथ ही पर्स, मोबाइल व अन्य सामान अंदर ले जाने पर पूरी तरह पाबंदी रही। महिलाओं को भी अपने हेयर बैंड, कानों के झुमके व नोजपिन तक उतारने पड़े।
इधर, एचटेट के लिए ज्यादातर अभ्यर्थियों के गृह जिले में ही सेंटर आने से परीक्षा देने वालों की उपस्थिति भी अन्य परीक्षाओं से ज्यादा रही। तीनों लेवल में दोनों दिन कुल 13347 अभ्यर्थियों में से 12324 ने परीक्षा दी। इस दौरान 1023 अभ्यर्थी विभिन्न कारणों से परीक्षा देने से वंचित रह गए। यानि दोनों दिन अभ्यर्थियों की उपस्थिति 92.33 फीसदी रही।
एचटेट परीक्षा-2020 की ड्राफ्ट उत्तरकुंजी बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रो०(डॉ.) जगबीर सिंह व सचिव राजीव प्रसाद ने बताया कि बोर्ड कार्यालय द्वारा 2 व 3 जनवरी को आयोजित कराई गई एचटेट लेवल-1 (पीआरटी), लेवल-2 (टीजीटी) व लेवल-3 (पीजीटी) से सम्बन्धित सभी विषयों की ड्राफ्ट उत्तरकुंजी बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर 3 जनवरी को अपलोड की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यदि किसी अभ्यर्थी को प्रश्न-पत्र बुकलेट में दिए गए किसी भी प्रश्न या उत्तरकुंजी में दिए गए किसी भी प्रश्न के उत्तर (विकल्प) के बारे में कोई आपत्ति हो तो इस सम्बन्ध में पूर्ण तथ्यों/प्रमाणों सहित 4 जनवरी से 8 जनवरी 2021 (शुक्रवार) सायं 05.00 बजे तक निर्धारित शुल्क 200/- रुपए प्रति प्रश्न अनुसार जमा करवाते हुए अपनी आपत्ति ऑनलाइन बोर्ड की वेबसाइट पर दर्ज करवा सकते हैं।
यदि किसी प्रश्न के सम्बन्ध में दर्ज करवाई गई आपत्ति सही पाई जाती है तो ऐसी स्थिति में उस प्रश्न के लिए जमा शुल्क अभ्यर्थी को परीक्षा परिणाम घोषित होने के उपरान्त वापिस कर दिया जाएगा। प्रश्न-पत्र व उत्तरकुंजी के सम्बन्ध में 8 जनवरी 2021 सायं 05.00 बजे के पश्चात प्राप्त होने वाली किसी भी आपत्ति पर कोई विचार नहीं किया जाएगा तथा बिना किसी नोटिस के आपत्ति अस्वीकृत कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि किसी अन्य माध्यम से प्राप्त किसी भी आपत्ति पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
सख्ती... केंद्रों पर रही थ्री लेयर सिक्योरिटी
परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों को तीन चरण की सिक्योरिटी से गुजरना पड़ा। पहले कागजात जांचे गए। इसके बाद मैटल डिटेक्टर से तलाशी ली गई और उसके बाद बायोमैट्रिक प्रणाली के जरिए अभ्यर्थियों की बाई आंख की स्क्रीनिंग करने के बाद तीसरे चरण में उनके कागजात जांचे गए। इसके अलावा अभ्यर्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग भी की गई।
परीक्षा केंद्रों पर जांच के दौरान ही सभी को कोई भी सामान लेकर आए तो उनको बाहर ही रखवा लिया गया। इसके अलावा विभिन्न उड़नदस्तों ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
किस सत्र में कितने अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे
जिले में 12 स्कूल-कॉलेजों में 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सुबह के सत्र में लेवल टू टीजीटी की परीक्षा हुई। सुबह बरसात से परेशानी रही, लेकिन फिर भी 5515 अभ्यर्थियों में से 5084 ने परीक्षा दी। इस दौरान 431 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं शाम के सत्र में लेवल-वन पीआरटी की परीक्षा हुई। जिसमें 3398 में से 3116 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे। जबकि 282 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3n8IEQc