
नए साल के पहले दिन की शाम को गहरी धुंध छाने के बाद आधी रात के बाद मौसम बदल गया है। आसमान में बादल छा गए और अलसुबह बारिश ने दस्तक दी। हल्की बूंदाबांदी से 2.8 एमएम पानी बरसा। बूंदाबांदी से धुंध छंट गई और मौसम में ठंडक घुल गई। सुबह के समय अधिकतम तापमान लुढ़ककर 9 डिग्री तक आ गया।
जो सामान्य से 9 डिग्री कम रहा, लेकिन बारिश बंद होने के बाद दोपहर तक तापमान में बढ़ोतरी हुई। दोपहर लगभग सवा दो बजे अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री रिकाॅर्ड हुआ। शनिवार को अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल 2 से 7 जनवरी के बीच बारिश होने के संकेत मिल रहे हैं। इसके बाद माैसम साफ होने पर पाला पड़ने की संभावना है, जिससे ठंड में बढ़ोतरी होगी।
पिछले साल से अधिक ठंडा रहा दिन
दो जनवरी का दिन पिछले साल से अधिक ठंडा रहा। पिछले साल दोपहर को अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था, जोकि इस बार 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि न्यूनतम तापमान पिछले साल से अधिक रहा। पिछले साल न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा था जो कि इस बार 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है।
तेज हवा ने हटाई धुंध, शाम को फिर बादल छाए रहे
घनी गहरी धुंध ने आवागमन को बुरी तरह से बाधित कर दिया था। शनिवार को हल्की बारिश के साथ आई तेज आंधी से धुंध को हटाने का काम किया। हवा की औसतन स्पीड 4.5 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली। हवा में नमी 81 प्रतिशत रही। धुंध छंटने से लोगों को आवागमन में आसानी रही। लेकिन दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर की बजाए शाम को फिर से बादल गहरा गए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2JGPa2U