नई दिल्ली (शरद पाण्डेय ) .उत्तराखंड में चारधाम के लिए फोर लेन सड़क का निर्माण मार्च 2021 तक पूरा हो जाएगा। इससे चारधाम यात्रा पूरी करने में करीब 10 घंटे कम लगेंगे। इस चारधाम ऑल वेदर एक्सप्रेस-वे प्रोजेक्ट से जुड़े इंजीनियरों के मुताबिक गाड़ियों की रफ्तार दोगुनी हो जाएगी। अभी चारधाम के लिए वन लेन रोड है। इसमें गाड़ियां 25-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल पाती हैं। यह रोड सभी मौसम के लिए उपयोगी नहीं है। भारी बारिश और बर्फबारी से रोड के कई हिस्से बंद हो जाते हैं।
इसे साल भर चालू रखने के लिए चारलेन बनाई जा रही है। प्रोजेक्ट दिसंबर 2016 में शुरू हुआ था। रोड के जिन हिस्सों में अधिक जाम लगता है, वहां बाईपास बनाए जा रहे हैं। इससे करीब 20 किमी की दूरी कम होगी। केंद्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री वीके सिंह ने गुरुवार से शनिवार तक चारधाम मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को हरिद्वार कुंभ से पहले प्रोजेक्ट पूरा करने के आदेश दिए। हरिद्वार कुंभ अगले साल मार्च में होने वाला है। प्रोजेक्ट 53 पैकेजों में चल रहा है। केवल 3 पैकेज में पर्यावरण मंत्रालय से मंजूरी नहीं मिली है। सिंह ने कहा कि पर्यावरण मंत्रालय से बातचीत के बाद उन तीनों स्थानों पर भी काम शुरू होगा।
ऋषिकेश से कितने दूर चार धाम
| धाम | दूरी | अभी | बाद में |
| यमुनोत्री | 248 किमी | 8 घंटे | 6 घंटे |
| गंगोत्री | 266 किमी | 9 घंटे | 6 घंटे |
| केदारनाथ | 216 किमी | 7 घंटे | 5 घंटे |
| बद्रीनाथ | 297 किमी | 10 घंटे | 7 घंटे |
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2uqiHpW