खेवड़ा गांव में पंचायत की गली में खड़ी कार हटाने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। कार मालिक ने लाइसेंसी पिस्तौल से दो सगे भाइयों व उनकी मौसी को गोली मार दी। तीनों को नाजुक हालत में फिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल के बयान पर गौरव के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
खेवड़ा निवासी विकास ने बताया कि शनिवार सुबह नौ बजे अपने घर से बाइक लेकर परचून की दुकान पर जाने को निकल रहा था। उनके घर के बाहर पंचायती गली में पड़ोसी गौरव ने अपनी कार खड़ी कर रखी थी। जिससे बाइक निकलाने में उसे दिक्कत आ रही थी। उसने गौरव को कार हटाने को कहा। विकास का आरोप है कि गौरव व उसकी मां ने कार हटाने से मना कर दिया। दुकान से वापस आने के बाद वह अपनी ब्रेजा कार बाहर निकालने लगा। उसकी मौसी सरोज व भाई मोहन ने गौरव से गली में खड़ी कार को हटाने को बोला। इसी बात पर गौरव से कहासुनी हो गई। उसका भाई व मौसी उसे समझाने लगे और वह कार को बैक करने लगा। इसी बीच उसे गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जिस पर उसने कार से नीचे उतरकर देखा तो कि गौरव ने उसके भाई के पेट में व मौसी सरोज को सीने में गोली मार दी थी। जब पर वह बचकर भागने लगा तो गौरव ने उसका पीछा किया और उसकी कमर में गोली मार दी। पड़ोसियों ने तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
तीन बार पहले भी हो चुका था झगड़ा
दोनों पक्षों में तीन बार पहले भी झगड़ा हो चुका था। दोनों परिवारों में कार की पार्किंग प्रतिष्ठा का सवाल बनी हुई थी। दोनों परिवार इस गली में कार खड़ी करने का प्रयास कर रहे थे। जो पहले कार खड़ी कर देता तो दूसरा उसे हटाने को लेकर विवाद करता था।
बड़ों में थी गहरी दोस्ती, अब बच्चों में है दुश्मनी
ग्रामीणों ने बताया कि गौरव व विकास के बुजु्र्गों में गहरी दोस्ती थी। दोनों पड़ोसी हैं। ऐसे में बड़ों के आपस में काफी पारिवारिक रिश्ते बन गए थे। अब मामूली बात को लेकर बच्चों में रंजिश बन गई है। रंजिश की पंचायत की गली में कार खड़ी करने की जिद्द को लेकर हुई है।
खेवड़ा में गली में खड़ी कार हटाने को लेकर हुए विवाद में युवक ने लाइसेंसी रिवाल्वर से दो भाइयों व उनकी मौसी को गोली मार दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। -विवेक मलिक, एसएचओ थाना राई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CHufZy