संंयुक्त व्यापार मंडल में फूट शुरू हो गई है। मेन बाजार ट्रेड यूनियन प्रधान निशांत सोनी ने मंडल से इस्तीफा दे दिया है। मंडल में भेदभाव का आरोप लगा राजेश सूरी ने संयुक्त व्यापार मंडल समिति के नाम से अलग संगठन बना चुके हैं। अब नाराज सोनी ने कहा कि मंडल प्रधान सुनील अरोड़ा की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं हूं। मंडल में 33 बाजारों के प्रधान जुड़े हुए हैं। सबने मिलकर चेयरमैन दर्शन लाल वधवा, प्रधान सुनील अरोड़ा, उप प्रधान प्रिंस गर्ग, कैशियर प्रवीन गुगनेजा व सचिव विशाल खन्ना को चुना था। सुनील सोनी इसी मंडल के सदस्य हैं। उनका कहना है कि अपनी ही आवाज दबाकर चुपचाप बैठ जाने वाला बाजार हमारी मांगों के लिए भला क्या आवाज उठाएगा।
इसलिए नाराज हैं सोनी
संयुक्त व्यापार मंडल ने प्रशासन को शिकायत दी थी कि चौड़ा बाजार प्रधान सुरेश बवेजा ने शौचालय की जमीन कब्जा रखी है। मंडल अब मामले में चुप है। सोनी का आरोप है कि मंडल बवेजा के सामने झुक गया है, क्योंकि मंडल पर एक कांग्रेसी नेता का दबाव है।
मेरा कोई कब्जा नहीं
चौड़ा बाजार प्रधान सुरेश बवेजा का कहना है कि मैंने किसी भी प्रकार से कोई कब्जा नहीं किया है। अपने चबूतरे पर सामान जरूर रखता हूं। ऐसे तो पूरे बाजार में अन्य दुकानदार भी रखते हैं। सभी का बंद हो जाएगा तो मैं भी बंद कर दूंगा।
शिकायत दूर करेंगे
पानीपत संयुक्त व्यापार मंडल प्रधान सुनील अरोड़ा ने कहा कि परिवार का बच्चा अगर किसी कारण से नाराज हो जाए तो इसका मतलब यह नहीं होता है कि वह घर छोड़ चला जाएगा। निशांत की जो-जो शिकायतें हैं, उनकाे जरूर निपटाया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2BKqa6A