जिले में कोरोना वायरस बेकाबू है। अब कसौला थाना प्रभारी और एक हेड कॉन्स्टेबल पॉजिटिव मिले हैं। इसके साथ ही कसौला थाना को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। यहां आवागमन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इससे पहले डीएसपी के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद एसपी कार्यालय बंद किया हुआ है।
पुलिसकर्मियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के चलते पुलिस प्रशासन की चिंता एक बार फिर बढ़ रही है। इसके अलावा कोसली सरकारी अस्पताल की एक स्टाफ नर्स भी पॉजिटिव मिली। शुक्रवार को एक ही दिन में 50 संक्रमित मिले हैं। इनके साथ संक्रमितों का आंकड़ा 1261 पर पहुंच गया है। हालांकि देर रात जिले संबंधित 69 पॉजिटिव केस और भी कंफर्म हुए थे, मगर स्वास्थ्य विभाग द्वारा इनके एड्रेस ट्रेसिंग के बाद सूचना शनिवार को जारी की जाएगी।
बावल थाना और चौकी से चलेगा कामकाज
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ ही कोरोना ड्यूटी दे रहे कर्मचारियों के सैंपल एहतियात के तौर पर लिए जा रहे हैं। कसौला थाना प्रभारी और कुछ पुलिसकर्मियों के सैंपल लिए गए थे। शुक्रवार को थाना प्रभारी और एक पुलिसकर्मी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। ये सैंपल रैपिड एंटीजन टेस्ट किट के द्वारा लिए गए थे। डीएसपी हेड क्वार्टर के बाद एसएचओ कसौला के कोरोना पॉजिटिव मिलने से पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ी है।शनिवार को कसौला थाना में तैनात बाकी स्टाफ के सैंपल लिए जाएंगे। पुलिस की ओर से सूचना जारी की गई कि थाना कसौला को 48 घंटे के लिए बंद किया गया है। थाने को सेनिटाइज करा दिया गया है।
रिपोर्ट आने तक सभी कर्मचारियों को डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में बनाए क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया है। आम जन से अपील है की थाना कसोला से सम्बंधित कोई भी शिकायत गढ़ी बोलनी पुलिस चौकी, थाना बावल एवं पुलिस कंट्रोल रूम रेवाड़ी के माध्यम से दे सकते हैं। इसके अलावा ईमेल आईडी dsprewari-hry@nic.in पर भी अपनी शिकायत दे सकते हैं।
ई-मेल आइडी sprwr@gov.nic.in या कंट्रोल रूम 100 नंबर पर दें शिकायत
डीएसपी मुख्यालय की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव पाए जाने के बाद एसपी कार्यालय को 3 दिन के लिए बंद किया गया था। इस दौरान लोगों के कार्यालय में आने पर पाबंदी लगाई गई। सूचना दी गई कि आम लोग पुलिस अधीक्षक की ई-मेल आइडी sprwr@gov.nic.in या पुलिस कंट्रोल रूम में 100 नंबर पर अपनी शिकायतें भेज सकते हैं। 22 जुलाई को ये निर्देश दिए थे। इसलिए लिहाज से शनिवार को तीन दिन पूरे हो रहे हैं, मगर शनिवार और रविवार को अवकाश के चलते सोमवार से ही काम सुचारू होने की उम्मीद है। हालांकि अभी बाकी पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट भी बाकी है।
35 पॉजिटिव शहरी क्षेत्र से
स्वास्थ्य विभाग रेवाड़ी द्वारा जारी मेडिकल हेल्थ बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को जिले से संबंधित 50 नए कॉविड पॉजिटिव केस आए। इनमें से 35 मामले अकेले रेवाड़ी शहर के ही हैं। जबकि 7 धारूहेडा, 3 बावल, 2 कोसली तथा एक-एक बिठवाना, आसलवास और जाडरा से संबंधित हैं।
एक्टिव केस 376 में 302 होम आइसोलेट
शुक्रवार को जिले में 79 कोविड पॉजिटिव ठीक भी हुए हैं। इनमें से 38 रेवाड़ी शहर, 29 धारूहेड़ा, 4 बावल, दो-दो रालियावास व बुडौली तथा एक-एक गोकलपुर, निगानियावास, जलियावास, व जोनियावास से संबंधित हैं। अभी तक 877 नागरिक कोविड संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। जबकि 8 मरीजों की मौत हुई है। अब जिले में कोविड पॉजिटिव के 376 एक्टिव केस रह गए हैं। जो कि 15 विभिन्न अस्पतालों में व 59 जिला कोविड केयर सैंटर में एडमिट हैं, जबकि 302 कोविड मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2OTziJd