जान से मारने की धमकी देकर शहर के सेक्टर-4 में रह रहे डॉक्टर से रंगदारी मांगने की वारदात का 24 घंटे में ही पर्दाफाश हो गया। शहर के ही अर्जुननगर में रहने वाले युवक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर यह वारदात की थी। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान अर्जुन नगर निवासी सोनू उर्फ प्रदीप उर्फ केशव के रूप में हुई है। जबकि अभी उसका साथी फरार है। युवक के गिरफ्त में आने के बाद पुलिस ने खुलासा कि आरोपी ने इधर-उधर से पैसा उधार लिया हुआ है। उसे चुकाने के लिए यह वारदात की। जिस मोबाइल फोन से डॉक्टर को कॉल की वह भी लूटा हुआ है।
शहर की शिव कॉलोनी निवासी डॉ. आशीष गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं और वर्ततान में सेक्टर-4 स्थित एक किराए के मकान में रह रहे हैं। गुरुवार दोपहर को करीब 12 बजे उनकी मां के मोबाइल पर किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसमें बदमाश ने चिकित्सक से बात कराने को कहा।
इस पर उनकी मां ने फोन करने वाले को मरीज समझकर उनका मोबाइल नंबर दे दिया। उस समय चिकित्सक अस्पताल में ही थे। पांच मिनट बाद बदमाश ने उनके मोबाइल पर कॉल करते हुए कहा कि 2 बजे तक 4 लाख रुपए का इंतजाम कर लेना अन्यथा परिवार का एक सदस्य कम हो जाएगा। धमकी को हल्के में न लेने की भी बात कही। डॉक्टर ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
मॉडल थाना से जांच अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी अर्जुन नगर निवासी सोनू उर्फ प्रदीप उर्फ केशव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उक्त आरोपी ने खुद ही फोन किया था। जिस मोबाइल फोन से कॉल की वह भी कहीं से छीना हुआ था। उसके बारे में भी पूछताछ की जा रही है। आरोपी से पूछताछ में पता लगा है कि उसने इधर-उधर से पैसे उधार ले रखे थे, उसे चुकाने के लिए ये साजिश रची। उसके साथ एक और युवक था, जिसकी तलाश की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/302mTJD