नगर परिषद ने प्रॉपर्टी टैक्स वसूलना शुरू कर दिया है। सप्ताहभर में ही 63 लाख रुपए से ज्यादा का टैक्स जमा भी हो चुका है। इनमें 44 लाख रुपए लोगों ने लाइन में लगकर जमा कराए हैं। जबकि ऑनलाइन बिल जमा कराने की भी सुविधा उपलब्ध है। इसका फायदा भी बडी संख्या में लोगों ने उठाया है। 18 लाख रुपए की राशि ऑनलाइन ही जमा कराई गई है। नगर परिषद में भीड़ की परेशानी शिकायतें आई थी। शुरूआत में सिंगल लाइन से बुजुर्गों और महिलाओं तक को काफी देर कतारों में खड़ा रहना पड़ा था। जब लोगों ने आपत्ति जताई तो काउंटर बढ़ा दिए गए। तभी से ही ऑनलाइन सुविधा भी चालू कर दी गई।
31 जुलाई तक 10% छूट
अधिकारियों के अनुसार सरकार ने इसमें छूट के लिए अलग-अलग तरह के विकल्प दिए हैं। यदि चालू वर्ष का बिल 31 जुलाई तक जमा कराते हैं तो 10% रिबेट (छूट) दी जाएगी। यानी जिन संपत्ति मालिकों ने विगत तीन वर्षों में अपना प्रॉपर्टी टैक्स 31 जुलाई तक जमा करवाया है, उन्हें नियमित 10% छूट के साथ अतिरिक्त 10% छूट भी दी जाएगी।
इसके अलावा जो प्रॉपर्टी मालिक अपना संपूर्ण बकाया प्रॉपर्टी टैक्स 31 अगस्त तक जमा करवाएंगे, उन्हें वर्ष 2010-11 से लेकर वर्ष 2016-17 तक के प्रॉपर्टी टैक्स पर 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसमें प्रॉपर्टी टैक्स पर लगने वाले ब्याज को माफ किया गया है। नगर परिषद की सीमा के अंदर लालडोरे से बाहर के क्षेत्र पर वर्ष 2010-11 से 2016-17 के टैक्स पर 25 फीसदी की छूट दी जाएगी।
अब शिकायतें नहीं : ईओ
नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी विजयपाल का कहना है कि अभी तक 44 लाख 82 हजार रुपए मैनुअली तथा 18 लाख 26 हजार रुपए ऑनलाइन तरीके से जमा हुए हैं। अब लोगों की शिकायतें नहीं आ रही है। शुरूआत में डिमांड के साथ लाइनें बढ़ा दी गई थी। ऑनलाइन बिल पे करने की भी सुविधा है। यदि किसी तरह कि समस्या आती है तो शिकायत मिलते ही उसका तुरंत समाधान भी कराया जाएगा।
वेबसाइट पर करें विजिट
नगर परिषद द्वारा एजेंसी को टेंडर दिया गया है। प्रॉपर्टी टैक्स के बिल तैयार कर नगर परिषद की वेबसाइट www.mcrewari.org पर अपलोड किए हैं। यहां लोग अपनी संपति आईडी डालकर बिल डाउनलोड कर सकते हैं। इसी पर ऑनलाइन भुगतान का भी विकल्प मौजूद है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3eYkOT5