शहर के महावीर पार्क गली नंबर 3 में निर्माण के लिए डाली गई मिट्टी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई। अब बरसात के चलते यहां कीचड़ हो गई है। इसके चलते गली में फिसलन व मच्छर पनप रहे हैं। आरोप है कि लगातार शिकायत करने के बाद भी ठेकेदार ध्यान नहीं दे रहे। इसको लेकर लोगों में रोष है।
उनका कहना है कि यदि जल्द ही ठेकेदार ने ध्यान नहीं दिया तो यहां बीमारी फैल सकती है। महावीर पार्क गली नंबर 3 को बनाने का कार्य लॉकडाउन से पहले शुरू हुआ था। मगर अभी तक पूरा नहीं हुआ। यहां के निवासियों ने कहा कि ठेकेदार ने गली में मिट्टी डालकर ऐसे ही छोड़ दिया। जो अब बरसात के बाद गली में जलभराव से कीचड़ की समस्या बन गई है। इसमें मक्खी-मच्छर पनप रहे हैं। इस बारे में नगर परिषद में शिकायत की थी। तब कार्यकारी अभियंता नवीन धनखड़ ने ठेकेदार को बुलाकर काम शुरू करने के आदेश दिए थे। 20 दिन बीतने के बाद भी गली में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। गली में मलबा डालकर छोड़ दिया।
इस बारे में कई बार नप अधिकारियों से मिले, लेकिन सुनवाई नहीं है। यहां के निवासी सत्यनारायण वर्मा ने बताया कि उनके घर का सदस्य बीमार है। गली में आने जाने का रास्ता नहीं है। वार्ड पार्षद कांता खत्री का कहना है कि कई बार ठेकेदार को काम शुरू करने के लिए बोला जा चुका है, लेकिन ठेकेदार ध्यान नहीं दे रहा। नगर परिषद अधिकारियों को भी अवगत करवाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यदि 2 दिन में ठेकेदार ने काम शुरू नहीं कराया तो अधिकारियों से मिलकर उसका ठेका रद्द करने की मांग भी करेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2D4hpVu