हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने गुरुवार को प्रदेश के विभिन्न माइनिंग क्षेत्रों की नीलामी के संबंध में सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग की। महेंद्रगढ़ जिले की ओर से उपायुक्त आरके सिंह ने इस नीलामी के संबंध में अब तक की गई प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि यह बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य है।
इसमें सभी प्रकार की कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए नीलामी करवाई जाए। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित विभिन्न प्रकार की प्रक्रिया होती हैं, उन सभी को पूरा किया जाए। उपायुक्त आरके सिंह ने बताया कि महेंद्रगढ़ जिले में राजावास, उष्मापुर व गढ़ी में माइनिंग के लिए नीलामी होनी है। इस संबंध में जल्द ही सर्वेयर मौके का मुआयना करेंगे।
इस बैठक के बाद डीसी ने जिला खनन अधिकारी अनिल कुमार को निर्देश दिए कि खनन क्षेत्र की नीलामी से संबंधित सभी प्रकार की तैयारियां पूरी रखें। उन्होंने कहा कि वे पूरी टीम के साथ खुद मौके पर कई बार जाकर मुआयना करें। उपायुक्त ने जिला खनन अधिकारी को निर्देश दिए कि वे सभी खनन क्षेत्रों का भी समय-समय पर औचक निरीक्षण करते रहें। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी गलत तरीके से खनन कार्य न हो। अगर जिला में कोई व्यक्ति ऐसे कार्यों में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3mSTrPl