शहर के एक ही थाना क्षेत्र के पांच कॉलोनियों में तीन दिन में 27 लोगों की मौत से जिले में हड़कंप मच गया। सोमवार से मंगलवार तक शहर के महलाना रोड स्थित श्मशान घाट में अचानक 17 शव पहुंचने, इसमें अधिकांश की मौत से पहले शराब पीए होने की रिपोर्ट पर बुधवार को पुलिस जागी। बुधवार को भी इन्हीं इलाकों से 10 शव पहुंचे। मंगलवार शाम मीडिया द्वारा वर्जन लेने के बाद पुलिस बुधवार सुबह श्मशान घाट पर ही जांच करने पहुंची।
रेड में बरामद की अवैध शराब
पुलिस ने बुधवार को अवैध खुर्दों पर रेड की। शराब के अवैध खुर्दे में सोफे के अंदर से सीआईए ने शराब की बोतलें बरामद की। पूरी कार्रवाई में 6 अंग्रेजी और तीन देसी की बोतल बरामद की। लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
उन्हीं कॉलोनियों में बिक रही थी अवैध शराब
यह एरिया एसपी ऑफिस के एक किमी के दायरे में है। थाना चौकी के पास है। रेड में यहीं घरों में अवैध रूप से खुली बोतल में शराब बिकती मिली। पुलिस को न तो मौत की जानकारी न ही इस अवैध धंधे की। लोगों का कहना है कि शराब का धंधा संबंधित चौकी पुलिस की मिली भगत से चलता है।
तीसरे दिन 10 शव पहुंचे घाट, चार का हुआ पोस्टमार्टम
शहर के महलाना रोड स्थित शमशान घाट पर लोगों की भारी भीड़ रही। 2 से तीन शव दाह होने वाले इस घाट पर तीन दिन 26 चिंताएं जल गईं। बुधवार सुबह से पहुंच कर यहां शव लेने वालों को पोस्टमार्टम कराने को कहा लेकिन लोग कार्रवाई से इनकार करने लगे। दोपहर तक कोई तैयार नहीं हुआ। इसके बाद चार और मौत हुई। पुलिस ने उनके परिजनों को किसी तरह से समझाया। इसमें शास्त्री कालोनी निवासी संदीप, बलजीत निवासी मयूर विहार, मनोज निवासी हनुमान नगर, मुकेश निवासी शामनगर के शव का पोस्टमार्टम करवाया।
अस्पताल में भर्ती शराब पीने बीमार से मिले डीसी, एसपी
उपायुक्त श्याम लाल पूनिया एवं एसपी जशनदीप सिंह रंधावा ने ट्यूलिप अस्पताल में भर्ती महेन्द्र सिंह की हालात के बारे में गहनता से पूछताछ की उपायुक्त के समक्ष उन्होंने खुलासा किया कि शराब के सेवन से उसकी छाती में दर्द हुआ है। भाजपा नेता राजीव जैन भी मृतकों के घर पहुंचे, ओर ढांढस बंधाया।
डीसी को जांच के दौरान मिली मृतक के घर शराब
उपायुक्त ने हनुमान कालोनी में किराए पर रह रहे 35 वर्षीय मृतक के घर की जांच की तो उसमें संदिग्ध रूप से देसी शराब की खाली बोतल मिली। इसपर उपायुक्त ने मौके पर ही पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए कि गत दिनों हुई मृत्यों को शराब से न जोडक़र गहनता से जांच करने उपरांत ही पुष्टि करें।
मेरे पति कोल्डड्रिंक की बोतल में लाए थे शराब
इंडियन कॉलोनी निवासी राजू की पत्नी रश्मी ने बताया कि वह कॉलोनी के खुर्दे से कोल्डड्रिंक की बोतल में शराब खरीद कर लाए थे। पीने के बाद हालत बिगड़ी। सफदरगंज अस्पताल दिल्ली में उनका इलाज चल रहा है।
(सीधी बात जशनदीप रंधावा, एसपी) अवैध शराब पर हो रही कार्रवाई, मौत के कारणों की हो रही जांच
Q. परिजनों का आरोप है कि शराब पीने के बाद हालत बिगड़ी।
A. चार का पोस्टममार्टम कराया, कारण जांच में पता चलेगा।
Q. अवैध खुर्दाें पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही।
A. अवैध शराब बेचने वालों पर कार्रवाई कर रहे हैं। सीआईए ने बुधवार को अवैध खुर्दे से शराब बरामद की है।
Q. आरोप है कि चौकी पुलिस से मिलकर शराब बिक रही है।
A. इसकी जांच करवाई जाएगी। यदि लापरवाही मिली तो ठोस कार्रवाई की जाएगी।
Q. कितनी शराब बिकी कुछ आंकडा
A. इन काॅलोनियों में लोगों को जागरूक करने के लिए टीमें लगाई हैं। संबंधित ब्रांड की शराब पीने से रोका जा रहा है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3erQtxr