सिसाय पुल के पास एक होटल पर बैठे युवकों ने ऑटो रिक्शा चालक पर बोतल से हमला कर साढ़े सात हजार रुपए लूट लिए। पुलिस ने चालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। ऑटो चालक रामदिया ने पुलिस को बताया कि वह दो नवंबर की रात को दयाल सिंह कालोनी में सवारियां छोड़ने गया था। वापसी में सिसाय पुल से पहले एक होटल पर खाना खाने के लिए रुका। होटल पर 9-10 युवक बैठकर शराब पी रहे थे।
अचानक उनमें से एक युवक ने उसकी जेब से नकदी निकालने की कोशिश की। उसने रोकने का प्रयास किया तो वहां बैठे युवकों ने मेज पर रखी कांच की बोतलें उठाई और उसके सिर पर मार दी। बोतलें लगने से उसके सिर से खून बहने लगा। बोतलें मारने के बाद युवकों ने उसे लातों-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। पीटते-पीटते उसकी जेब से साढ़े सात हजार रुपए की नकदी निकाल ली। शोर मचाने पर युवक मौके से फरार हो गए। उसने फोन कर अपने छोटे भाई को बुलाया। भाई उसे ऑटो रिक्शा से हांसी के सिविल अस्पताल में ले गया। अस्पातल से उसे हिसार रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों का सुराग नहीं लगा है।
ट्राले ने मारी रेहड़ी को टक्कर, युवक की मौत
उमरा के पास एक ट्राला ने खच्चर रेहड़ी को टक्कर मार दी। जिससे रेहड़ी चालक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने ट्राला चालक पर मामला दर्ज कर लिया है। मामला उमरा के मोहन लाल की शिकायत पर दर्ज किया। शिकायत में कहा वह उमरा का रहने वाला है और मजदूरी करता है। शाम करीब चार बजे वह नंद भट्ठा सुल्तानपुर से रेहड़ी लेकर बेटों सोमबीर व सुमित के साथ घर उमरा आ रहा था। रास्ते में सिंघराम स्कूल उमरा के पास एक ट्राला ने रेहड़ी के पिछले हिस्से मे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से रेहड़ी पर बैठा उसका लड़का सोमबीर सड़क पर गिर गया। वाहन का प्रबंध करके वह उसे सिविल अस्पताल लाए। अस्पताल में चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32gB9Pk