शहर में विज्ञापन एजेंसी द्वारा तय स्थानों से अलग नई साइट क्रिएट करने पर नगर परिषद की चेयरपर्सन सीमा कश्यप ने संज्ञान लिया है। उन्होंने इस मामले में सात पाॅइंटाें पर नगर परिषद के ईओ अशोक कुमार, एक्सइएन हिमांशु लाटका और सचिव मोहन लाल से दो दिन में नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। चेयरपर्सन ने नोटिस में लिखा है कि विज्ञापन एजेंसी मनमानी जगहों पर नए पोल लगा रही है। लेकिन अधिकारियों ने न तो इस बात की कोई सुध ली और न ही एजेंसी को ऐसा करने से रोका गया।
जिससे लगता है कि अधिकारी अपनी ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरत रहे हैैं। नोटिस की एक-एक प्रति सूचना के लिए यूएलबी मंत्री अनिल विज, यूएलबी एसीएस चंडीगढ़, डायरेक्टर यूएलबी और जिला पालिका आयुक्त को भेजी गई है। वहीं विज्ञापन एजेंसी ने आज भी एक नया पोल सीआईडी ऑफिस के सामने लगाया है। ये स्थान भी 44 तय साइट में नहीं है। वहीं एजेंसी का कहना है कि सीआईए के बाहर वाला पोल यहां बदला गया है, जो नियमों के तहत ही है।
इन सात पाॅइंटाें पर अधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण
- जब शहर में नई साइट क्रिएट कर एजेंसी विज्ञापन पोल लगा रही थी, क्या उसकी जानकारी आपको थी।
- टेंडर की शर्त अनुसार कितनी साइटों पर विज्ञापन एजेंसी पोल लगा सकती है।
- क्या टेंडर की शर्तों अनुसार नए साइट क्रिएट कर विज्ञापन पोल एजेंसी लगा सकती है।
- अगर विज्ञापन एजेंसी अपनी मर्जी से नई साइट क्रिएट कर विज्ञापन लगा नहीं सकती थी तो जब विज्ञापन पोल लग रहे थे तो आपने उन्हें रोका क्यों नहीं।
- एजेंसी को नई साइट क्रिएट कर नए पोल लगाने की परमिशन के लिए कौन सक्षम अधिकारी है।
- एजेंसी को नए पोल साइट पर क्रिएट करने की अगर कोई परमिशन दी गई है तो उसकी कॉपी प्रस्तुत करें।
- टेंडर में अगर नई साइट क्रिएट कर विज्ञापन पोल की जो शर्त रखी गई थी उसकी काफी प्रस्तुत करें।
ईओ ने 12 साइट की चेक, गोल मार्केट वाली साइट हटाने के आदेश
विज्ञापन एजेंसी द्वारा तय साइटों को बदलने के मामले में नगर परिषद के ईओ अशोक कुमार ने शहर में 12 साइटों को चेक किया। इसमें 11 साइट को ईओ ने सही बताया, जबकि पार्क रोड पर गोल मार्केट में बनी नई साइट को हटाने के आदेश दिए हैं। ये साइट नियमों के विरुद्ध बनाई गई है। वहीं एजेंसी ने इस साइट को भी बदलने या खत्म करने के लिए दीवाली तक का समय मांगा है। अब सवाल ये उठता है कि अधिकारियों ने पोल लगने के बाद ही क्यों निरीक्षण किया। पहले ही अगर एजेंसी के काम को चेक किया जाता तो पोल यहां नियमों के खिलाफ लगता ही नहीं।
विज्ञापन एजेंसी बिना किसी परमिशन के मनमाने तरीके से शहर में पोल लगा रही है। जिस बारे में ईओ, एक्सइएन और सचिव से सात पाॅइंटाें पर स्पष्टीकरण मांगा है। ताकि पता चल सके कि एजेंसी को किस अधिकारी ने नए साइट क्रिएट करने की परमिशन दी है। सीमा कश्यप, चेयरपर्सन नगर परिषद, कैथल
विज्ञापन पोल की 12 साइट का निरीक्षण किया जा चुका है। जिसमें से गोल मार्केट वाली साइट नियमों के तहत नहीं है, जिसे हटाने के आदेश दिए हैं। वहीं अन्य साइट ठीक हैं। शेष साइटों का भी निरीक्षण किया जाएगा। जो भी साइट पोल गलत होगा, उसे हटवाया जा एगा। अशोक कुमार, ईओ, नगर परिषद, कैथल।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/32esHQE