प्रदेश में गुड़गांव के बाद झज्जर की पुलिस लाइन अत्याधुनिक आवासीय पुलिस कॉलोनी रहेगी। जहां पुलिस कर्मचारी परिवार के साथ बहुमंजिली इमारत में रहने का आनंद उठा सकेंगे। नए साल में ही 24 फ्लैट युक्त एक आवासीय टॉवर की सुविधा पुलिस लाइन में कर्मचारियों को सौगात के रूप में दी जाएगी। 1500 परिवार एक साथ रह सकेंगे।
बताया गया है कि गुड़गांव में इस तरह की बहुमंजिला इमारत टाॅवर के रूप में पुलिस कर्मचारियों को रहने के लिए मिली हैं। इसी तर्ज पर अब प्रदेश में दूसरी बार झज्जर पुलिस लाइन में हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन ने इस तरह के आधुनिक आवास की सुविधा झज्जर पुलिस लाइन के स्टाफ काे देने जा रही है। इस सात मंजिला टॉवर में ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
हर फ्लोर में चार 2 बीएचके फ्लैट रहेंगे। इस तरह टॉवर में कुल 24 फ्लैट की सुविधा रहेगी। इसके निर्माण का बजट 105 लाख रुपए का है। हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के एसडीओ अंकुर हुड्डा ने बताया कि प्रयोग के तौर पर यह टॉवर पुलिस लाइन में बनाया जा रहा है और जरूरत के अनुसार आगे भी इसी तरह के टॉवर बनाए जा सकेंगे।
झज्जर के अलावा बहादुरगढ़ में भी पुलिस कर्मचारियों के आवास के लिए नए क्वार्टर का निर्माण किया जाएगा। इस तरीके से झज्जर जिले के पुलिस कर्मचारियों के लिए 200 नए क्वार्टर बनाए जाने का प्लान तैयार किया गया है।
ढाई करोड़ के बजट से कम्युनिटी हॉल हाे रहा तैयार
यही नहीं नए साल में झज्जर पुलिस लाइन में कम्युनिटी हॉल की सुविधा भी पुलिस कर्मचारियों और उनके परिवार के लिए मुहैया हो जाएगी। यहां मैन रोड के समीप कम्युनिटी हॉल लगभग बनकर तैयार है। अभी इसे फाइनल टच दिया जा रहा है।
इसमें 500 लोगों के कार्यक्रम किए जाने की व्यवस्था के तहत तैयार किया गया है। ढाई करोड़ रुपए के बजट से बन रहे इस कम्युनिटी हॉल में एक बैंकक्ट हॉल होगा। आमतौर पर पुलिस कर्मचारियों के परिवारों को अपने पारिवारिक कार्यक्रम के लिए टेंट लगाकर कार्यक्रम करने पड़ते थे, लेकिन अब कम्युनिटी हॉल बनने के चलते यहां शादी, बर्थडे समारोह समेत अन्य सामाजिक कार्यक्रम किए जा सकेंगे।
पुलिस स्टाफ को रहने का बेहतर माहौल मिलेगा नए साल में : एसपी
एसपी राजेश दुग्गल ने कहा कि नए साल में पुलिस स्टाफ को पुलिस लाइन में रहने के लिए पहले से ज्यादा और बेहतर माहौल मिलेगा। न यहां सिर्फ पानी और बिजली की सुविधाएं व्यापक मिलेंगी वहीं क्वार्टरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी ताकि किसी भी पुलिस कर्मचारी को रहने के लिए कोई अड़चन न हो।
एसपी दुग्गल ने बताया कि आवासीय कॉलोनी में नए सिरे से विकास के मकसद के तहत गुड़गांव के बाद अब झज्जर में भी टॉवर को बनाया जा रहा है। इसमें एक फ्लोर पर 4 फ्लैट हैं। कुल 24 फ्लैट होंगे। इसके अलावा 200 और नए क्वार्टर बनाए जा रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/38RBA57