नए साल में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में नई शिक्षा नीति के तहत कई कोर्सेज शुरू किए जाएंगे। इसके लिए केयू प्रशासन की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है। इन नए कोर्सेज में विद्यार्थी पूरे साल के दौरान कभी भी दाखिला ले पाएंगे। वहीं इस साल केयू प्रशासन की ओर से कई विभागों में रोजगारपरक कोर्सेज भी शुरू किए जाएंगे। ताकि विद्यार्थियों को इंडस्ट्री के लिए तैयार किया जा सके।
इसके साथ ही इन कोर्सेज को शुरू करके यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से अपनी आय को बढ़ाने का काम भी किया जाएगा। नए साल में ही केयू के खेल मैदान को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने का काम किया जाएगा। इसके तहत यूनिवर्सिटी के खेल मैदान में हॉकी एस्ट्रोटर्फ बनाया जाएगा। इसके अलावा मल्टीपर्पज हॉल भी बनेगा। अब तक कुरुक्षेत्र शहर में कोई हॉकी एस्ट्रोटर्फ नहीं है।
केयू के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने बताया कि नए साल में कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की परीक्षा शाखा को पूरी तरह से स्टूडेंट फ्रेंडली बनाया जाएगा। इसमें सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया जाएगा। ताकि विद्यार्थी को अगर कोई भी काम करवाना है तो उसे अपना आवेदन एक जगह देना होगा, इसके बाद विद्यार्थी के काम को करके देना कर्मचारियों की जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी की परीक्षा शाखा को डिजिटल करने का काम भी किया जाएगा। ताकि विद्यार्थियों को यूनिवर्सिटी की परीक्षा शाखा में न आना पड़े और उनके काम घर बैठे ही हो जाएं।
केयू का कैंपस बनेगा इको फ्रेंडली
प्रो. सचदेवा ने बताया कि नए साल में केयू के पूरे कैंपस को इको फ्रेंडली बनाया जाएगा। इसके लिए केयू के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से पानी काे साफ करके पौधों के लिए प्रयोग किया जाएगा। बता दें कि केयू प्रशासन की ओर से चार साल पहले दयालपुर के पास सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया था। इस प्लांट के माध्यम से केयू के सीवरेज वाले पानी को साफ किया जा रहा है। अब यह पानी केयू के पार्क व पौधों के लिए प्रयोग किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि केयू कैंपस को जीरो वेस्ट कैंपस बनाने की योजना को भी पूरा करेंगे। इसके तहत केयू से निकलने वाले कचरे को रिसाईकिल किया जाएगा।
नए कोर्सेज व हॉकी एस्ट्रोटर्फ देंगे : कुलपति
कुलपति ने बताया कि केयू में नए साल में नई शिक्षा नीति के तहत कई ऑनलाइन व ऑफलाइन कोर्सेज शुरू किए जाएंगे। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों को 2021 में हॉकी एस्ट्रोटर्फ की सुविधा भी मिलेगी। इसके लिए केंद्र सरकार से ग्रांट आई हुई है और बाकी पैसे की व्यवस्था करके काम जल्द पूरा किया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2L7Xfy3