नियमानुसार अल्ट्रासाउंड करवाया। फिर बाहर आकर गर्भ में बेटी बताई। प्रसव पूर्व लिंग जांच कराने के नाम पर 1.20 लाख में सौदा तय करने वाले महिला सहित पांच लोगों को स्वास्थ्य विभाग की टीम व पुलिस ने काबू किया है। इनमें दो राजस्थान के दलाल, दो सोनीपत के व्यक्ति और एक सोनीपत में ब्यूटी पार्लर पर काम करने वाली महिला है।
गर्भवति महिला को दिल्ली, सोनीपत के कई अस्पतालों में इन्होंने घुमाया और बाद में सुभाष चौक के पास एक डायग्नोस्टिक सेंटर में अल्ट्रासाउंड करवाया। पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. आदर्श शर्मा ने बताया कि गंगानगर, राजस्थान के रहने वाले बलराम व भंवरलाल लिंग जांच कराने के नाम पर दलाली करते हैं। झज्जर स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को इस तरह की सूचना मिल रही थी।
बताया गया है कि एक गर्भवती महिला का प्रसव पूर्व लिंग जांच कराने को इन दो लोगों से 1.20 लाख रुपए में सौदा तय हुआ था। इसके बाद महिला ने उनको तीन हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद दोनों व्यक्ति उसे पहले दिल्ली के नरेला व बख्तावरपुर के अस्पतालों में लेकर गए। तीन जनवरी से महिला को प्रसव पूर्व लिंग जांच कराने के लिए घुमाया जा रहा था। उनके पीछे झज्जर स्वास्थ्य विभाग की टीम लगी हुई थी।
सोनीपत में आए तो पकड़े गए आरोपी
आरोपी महिला को लेकर सोनीपत में ले आए तो झज्जर की टीम ने सोनीपत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया। यहां इन दलालों ने सोनीपत के रहने वाले विकास, रणबीर सिंह व एक महिला से संपर्क किया। महिला शहर के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। इन्होंने एक निजी अस्पताल में गर्भवती महिला को लेकर जाकर रेफरल पर्ची बनाई गई। इसके बाद अन्य अस्पताल में अल्ट्रासाउंड करवाना चाहा पर नहीं हो पाया। बाद में वे उसे सुभाष चौक के पास डायग्नोस्टिक सेंटर में लेकर पहुंचे।
यहां नियमों के अनुसार अल्ट्रासाउंड की फीस जमा करवाकर अल्ट्रासाउंड करवाया। आरोप है कि इसके बाद बाहर आकर उन्होंने महिला को गर्भ में लड़की बताया, जिसको राजस्थान में ले जाकर उसका गर्भपात कराया जाना था। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इन्हें मॉडल टाउन चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। इनके कब्जे से 1 लाख रुपए भी बरामद किए गए। कार्रवाई में डा. संदीप लठवाल सहित अन्य चिकित्सक शामिल रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XiH9o0