ऑटो ड्राइवर व उसके दो साथियों ने रविवार रात यात्री बिल्डिंग ठेकेदार पर चाकू से हमला कर उससे 40 हजार रुपए, मोबाइल व पॉवर बैंक लूट लिया। उसे मरा समझ कर भैंसवाल गांव के पास फेंक कर फरार हो गए। उसके सिर में 8 टांके आए हैं।
सोनीपत के मोहाना गांव निवासी उमेद सिंह ने बताया कि वह बिल्डिंग बनाने का ठेका लेता है। रविवार को उसने पानीपत की परशुराम कॉलोनी स्थित अपनी गोदाम के किराएदार से 4 हजार रुपए किराया लिया और 36 हजार उसके पास पहले से थे।
परढ़ाना रिश्तेदारी में जाने के लिए वह बस स्टैंड पर आया। 10 बजे उसने ऑटो रोका। जिसमें ड्राइवर के अलावा दो व्यक्ति बैठे थे। उसने परढ़ाना के लिए 150 रुपए में ऑटो बुक किया। वह शराब लिए था और पीने का मन बनाया। उसने ठेके से 150 रुपए की बोतल लेकर ड्राइवर को दी।
चारों ने मिलकर शराब पी। ड्राइवर बोला कि मेन रोड पर ज्यादा जाम है। इसलिए सेक्टर के अंदर से चलते हैं। नशा होने पर सुनसान जगह पर ऑटो रोककर उसके साथ मारपीट की। डंडे मारे और चाकू से वार किए।
किसी ने नहीं की मदद
उमेद ने बताया कि होश आने पर रात को वह भैंसवाल गांव में पहुंचा। कई मकानों के दरवाजे खट-खटकाए, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। वह एक ऑटो में लेट गया। सुबह गुड़गांव जा रहे युवक ने पुलिस को सूचना दी। 1 घंटे बाद पुलिस पहुंची
एरिया विवाद में उलझी पुलिस
सोमवार शाम तक केस दर्ज नहीं हुआ। किला थाना के कार्यवाहक प्रभारी ने बताया कि पीड़ित बस स्टैंड से ऑटो में बैठा था, इसलिए शिकायत सिटी थाना भेज रहे हैं। बस स्टैंड चौकी प्रभारी नरेश ने बताया कि पीड़ित भैंसवाल गांव में मिला था। उसे किला थाना में भेज दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2LlyEG4