नए साल के पहले दिन हरियाणा में ठंड ने पिछले 6 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 8 डिग्री कम है। इससे पहले 6 जनवरी 2014 को यहां न्यूनतम तापमान माइनस 2.1 डिग्री दर्ज किया गया था।
पिछले साल जनवरी में सबसे कम तापमान 18 जनवरी को 1.4 डिग्री रहा था। जनवरी में अब तक का सबसे कम तापमान 31 जनवरी 1929 को माइनस 3.9 डिग्री था। हिसार देश के मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा रहा। वहां तापमान लगातार दो दिन माइनस मे रहने का रिकॉर्ड 9 साल में टूटा है। इससे पहले 2011 में 25 व 26 दिसंबर को पारा माइनस में था। 1996 में 9 से 12 दिसंबर तक 4 दिन पारा माइनस में रहा था। धुंध की वजह से कुछ इलाकों में दृश्यता शून्य हो गई। दिल्ली में तापमान 1.1 डिग्री पर आ गया। यह 15 साल में सबसे कम है। इससे पहले 8 जनवरी 2006 को वहां पारा 0.2 डिग्री था। वहीं, लद्दाख के द्रास में -26.8 डिग्री और गुलमर्ग में -9 डिग्री तापमान रहा।

शिमला से ठंडे हमारे शहर : प्रदेश के तकरीबन सभी जिलों में रात का तापमान शिमला से भी कम रहा। शिमला में यह 6.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, करनाल में दिन का तापमान 9 डिग्री पर आ गया, जो सामान्य से 9 डिग्री कम है। जबकि मनाली में यह 13.5 डिग्री व शिमला में 16.1 डिग्री दर्ज किया गया।
आगे 4 दिन बारिश
पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा में 3 से 5 जनवरी तक कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3n8zmDH