नगर निगम ने एक बार फिर से शौचालय लोकेशन की व्यवस्था शहर में लागू करने की तैयारी की है। जिसके तहत गूगल के जीएओ टेक फीचर से शौचालय को जोड़ा है। इसमें शहर के करीब 40 शौचालयों को शामिल किया गया है। शौचालय की लोकेशन ढूंढने का विकल्प नगर निगम गूगल के माध्यम से दे रहा है। इसके अलावा यदि कोई उपयोगकर्ता शौचालय की सफाई व्यवस्था से संतुष्ट नहीं है तो वो ऑनलाइन निगम अधिकारियों तक इसकी शिकायत भी पहुंचा सकता है।
ऐसे उठा सकते हैं इस फीचर का लाभ
कोई भी व्यक्ति यदि शौचालय खोजना चाहता है तो उसको गूगल मैप में जाकर पब्लिक टायलेट नियर मी टाइप करना होगा। मैप के अलावा यूजर्स गूगल असिस्टेंट से भी सार्वजनिक शौचालय के बारे में पूछ सकते हैं और गूगल पर भी सर्च कर सकते हैं। इससे लोगों को सार्वजनिक शौचालय खोजने में आसानी होगी और खुले में शौच से मुक्ति मिलेगी।
नगर निगम ने अपने क्षेत्र में बने सार्वजनिक शौचालय, मोबाइल टायलेट व आधुनिक तकनीक से बनाए गए अन्य शौचालयों का विवरण जीएओ टेक पर दिया है। शौचालय ढूंढने का यह तरीका शौचालयों के लोकेशन के साथ ही वहां पहुंचने के लिए रास्ता भी बताएगा। पूरा रास्ता जीपीएस के माध्यम से आपके मोबाइल पर दिखेगा। आपके आसपास के साथ ही नगर क्षेत्र के शौचालयों का लोकेशन दिखेगा व साथ ही वह कितनी दूरी पर है स्थित है, यह भी बताएगा। सर्च करने पर सबसे पास वाले शौचालय सबसे ऊपर दिखेगा।
निगम के सीएसआई साहब सिंह ने बताया कि स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए इस हाइटेक सुविधा काे आगे बढ़ाया गया है। शौचालयों में सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर स्वच्छता हरियाणा एप पर ऑनलाइन शिकायत दी जा सकती है। वहीं, नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 18001808101 पर शिकायत दे सकते हैं। इसके अलावा निगम में बने सीएफसी केंद्र के काउंटर नंबर-2 पर जाकर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3onqiw8