सेक्टर-25 सीएचसी से लाइव : सुबह के 11 बजे हैं। वैक्सीनेशन के ड्राई-रन की तैयारियां पूरी हो चुकी थी। एंट्री गेट पर 26 लोगों की लिस्ट दी गई, जिनको वैक्सीन लगनी थी। 11:14 बजे ड्राई-रन शुरू हुआ। सबसे पहले सुनीता पहुंची। वैक्सीनेशन ऑफिसर ने लिस्ट देखी और बोले कि आपका नाम लिस्ट में नहीं है।
उन्हें लौटा दिया। फिर आशा वर्कर बंटी आई। लिस्ट में नाम था। मोबाइल पर मैसेज देखा। फिर तापमान जांचा गया। वैक्सीन के लिए मोबाइल पर भेजा गया मैसेज देखा। इसके बाद उन्हें वैक्सीनेटर रूम में भेजा। जहां वैक्सीनेशन ऑफिसर लैपटॉप पर कोविन-एप खोले हुए हैं। इसमें लिस्ट शो कर रही है। बंटी का नाम सर्च करते ही एंट्री आ गई। एएनएम ने सीरिंज में वैक्सीन भरी और लेफ्ट हाथ सांकेतिक रूप से टीका लगाया। इसी तरह 26 लोगों पर रिहर्सल हुई। इस दौरान कई बार भूल-चूक हुई। जिसे अफसरों की निगरानी में दूर कर दिया गया।
इसराना; 2 लाेगाें के आधार कार्ड मिस मैच
इसराना के एनसी मेडिकल कॉलेज में ड्राई-रन फाॅर कोविड-19 वैक्सीनेशन कार्यक्रम किया गया। टीकाकरण के लिए अपनाई जाने वाली सभी प्रक्रियाएं पूरी की गई। बस टीका नहीं लगा। स्वास्थ्य विभाग के 25 कर्मचारियों को शामिल किया गया था, जिसमें 23 कर्मचारी ही मौके पर पहुंचे। 2 के अाधार कार्ड मिस मैच मिले। टीकाकरण के लिए आए हुए स्वास्थ्य कर्मी का लिस्ट में नाम देखकर तापमान जांचा गया। कर्मचारी ने आधार कार्ड जांचा। फिर अंदर वेटिंग रूम में भेजा गया। वेटिंग रूम से एक-एक करके अंदर भेजकर टीका लगाया गया। नोडल अधिकारी डॉ. रिंकू सांगवान ने बताया कि कोविड-19 टीकाकरण के अभ्यास के लिए स्वास्थ्य विभाग के 25 डॉक्टर व कर्मचारियों को शामिल किया गया था। इसमें से दाे लोगों के आधार कार्ड मैच नहीं हुए।
मतलौडा; सीएचसी में ड्राई रन सफल रहा
कोरोना वैक्सीन को लेकर गुरुवार को मतलौडा सीएचसी में वैक्सीन की रिहर्सल हुई। नोडल अधिकारी डॉ. ललित वर्मा ने बताया कि इस प्रक्रिया में 25 हेल्थ वर्करों ने भाग लिया। वैक्सीन के लिए सबसे पहले सीएचसी के एसएमओ डॉ. नरेश राठी की वेरिफिकेशन की गई। इसके बाद पुलिस द्वारा कागजों की जांच की गई। वेरिफिकेशन के बाद वर्कर को प्रतीक्षालय हॉल में भेजा गया। इसके बाद एक-एक करके टीकाकरण कमरे में भेजा गया। वहां पर कोविन एप पर एंट्री अपलोड की गई। वैक्सीन के बाद 30 मिनट तक निगरानी कक्ष में रखा गया। इंजेक्शन लगाने से लेकर पूरी रिहर्सल की अच्छे से मोनिटरिंग की गई। एसएमओ डॉ. नरेश राठी ने सभी को वैक्सीन के बारे में जानकारी भी दी।
समालखा; एसएमओ ने प्रक्रिया में खुद भाग लिया
समालखा के सरकारी अस्पताल में गुरुवार को वैक्सीन ट्रायल रिहर्सल किया गया। इसमें सीएमओ डाॅ. संतलाल वर्मा, डिप्टी सीएमओ सुधीर बत्तरा, डीएसपी सतीश वत्स व डब्लूएचओ कंसलटेंट डाॅ. अविरल शर्मा ने समालखा पहुंचकर एसएमओ डाॅ. संजय और डॉ. पवन के साथ वैक्सीनेशन रूम, ऑब्जरवेशन एरिया में स्टाफ काे जानकारी दी। आशा वर्करों से सीएमओ डाॅ. संतलाल वर्मा ने पूछताछ कर उन्हें वैक्सीन के बारे में जानकारी भी दी। 11:32 बजे से पौने 12 बजे तक कुल 14 आशा वर्कर ही पहुंची। एसएमअाे ने वैक्सीन प्रक्रिया में खुद भी भाग लिया। काउंसलर सुमन रानी ने सभी आशा वर्करों की काउंसलिंग कर उन्हें वैक्सीन के बारे में जानकारी दी। एसएमओ संजय वैक्सीन रूम में पहुंचे गेट पर बैठे कर्मचारी ने उनकी कोविन एप पर उनकी एंट्री की।
बापौली; पहला टीका आशारानी को लगा
बापौली सीएचसी में कोविड-19 टीकाकरण का ड्राई रन किया गया। कुल 25 हेल्थ वर्करों पर प्रक्रिया काे अपनाया गया। टीकाकरण की शुरुआत डिप्टी सिविल सर्जन डाॅ. सुधीर बत्तरा की देखरेख में डाॅ. रेमा गाहल्याण व डाॅ. सोमबीर ने किया। पहला टीका गोयला खुर्द की आशारानी को लगाया गया। इसके बाद रीना, बबली, पिंकी आदि 25 काे टीकाकरण के लिए ड्राई रन में शामिल किया गया। टीकाकरण टीम सचिन, मनोज कुमार, एएनएम सुमन, रोहतास, एएनएम कुसुम रानी शामिल हुई। डाॅ. सुधीर ने बताया कि वैक्सीन रिहर्सल में पहले आईडी चैक की जाएगी, फिर सैंसेटाइज किया, मास्क लगा है या नहीं। टीका लगने के बाद मोबाइल पर मैसेज मिला। इस माैके पर सुशील कुमार, सलेंद्र सिंह, खंड विस्तार शिक्षक राजेश कुमार, कविता फार्मासिस्ट माैजूद रही।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2MMZjMN