दिल्ली जयपुर राजमार्ग- 48 पर किसानों का धरना 24वें दिन भी जारी रहा। कड़ाके की सर्दी और बारिश में भी किसानों का हौंसला कायम रहा। बारिश से किसानों के टैंट टूट गए और खाना बनाने में भी मुश्किलें रहीं। कई टैंटों की छतों पर पानी जमा हो गया, जिसे पाइप से साइफन बनाकर निकाला गया।
किसानों का क्रमिक अनशन मंगलवार को भी जारी रहा। सोमवार सुबह 11 बजे से क्रमिक अनशन पर बैठे अनशनकारियों का अनशन खुलवाकर नए 11 अनशनकारियों ने बागडोर थामी। अगले 24 घंटे के लिए क्रमिक अनशन पर बैठने वालों में मोहम्मद फजरू मेवाती, बापूराम, रामचंद्र कुल्हरि, मनीराम सहारण, राजेन्द्र पूनिया, पन्ने सिंह बुरडक, मुगल सिंह बुरडक, लक्ष्मण सिंह जांगिड, भरतराज बरोड, सुभाष बालान और अमराराम झौरड शामिल रहे। मंच को किसान नेताओं व आंदोलन का समर्थन करने वाले आगंतुकों ने संबोधित किया। सबने किसान एकता को बल देकर इस ऐतिहासिक आंदोलन को और तेज करने की बात कही। आंदोलन के अनुशासन को बनाए रखने की अपील की।
एनएच-48 व धारूहेड़ा रोड पूरी तरह बंद
खेड़ा बॉर्डर से बेरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़े किसान साहबी (मसानी) फ्लाईओवर के पास डटे हुए हैं। यहां पुलिसबल ने वाहनों को अड़ाकर हाईवे के साथ ही धारूहेड़ा रोड को भी पूरी तरह बंद किया हुआ है। इसलिए सलाह दी जा रही है कि कुछ दिन हाईवे से गुजरने की बजाय कापड़ीवास से होते हुए फिदेड़ी या रामगढ़ होते हुए शहर के बाईपास (प्रजापति चौक) से होकर गुजरें। इसके अलावा गुड़गांव जाने के लिए पटौदी होकर जा सकते हैं।
किसानों के बीच पहुंचे कैप्टन, बोले- जरूरत पड़ी तो हम भी गिरफ्तारी देंगे
रेवाड़ी| दिल्ली-जयपुर हाईवे पर साहबी पुल के पास दिल्ली के लिए कूच कर रहे किसानों को पूर्व मंत्री कैप्टेन अजय सिंह यादव ने पहुंचकर समर्थन दिया। कैप्टन ने कहा कि आंदोलनरत किसानों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाए कि क्या अब किसान अपने हक के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आवाज भी नही उठा सकते?
यहां पुलिस द्वारा किसानों पर बल प्रयोग और आंसू गैस के गोले छोड़ने की कड़ी शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि अब तक के आंदोलन में 40 से अधिक किसान अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके बावजूद यह निर्दयी सरकार किसानों पर अत्याचार करना कम नहीं कर रही है।
ऐसी कड़ाके की सर्दी में किसानों पर पर पानी की बौछारें व आंसू गैस के गोले छोड़ना अंग्रेजी शासन की याद दिलाता है। यादव ने कहा कि मैं भी पहले किसान हूं, बाद में राजनीतिज्ञ हूं। मेरी दक्षिणी हरियाणा के किसानों से अपील है सभी आंदोलन का हिस्सा बनें। यह लड़ाई पूरे देश की है। कहा कि कांग्रेस पार्टी इस आंदोलन में किसानों के साथ है तथा जरूरत पड़ी तो हम भी गिरफ्तारी देने के लिए तैयार हैं।
राष्ट्रपति को भेजा गया ज्ञापन
रेवाड़ी| शिवसेना हरियाणा के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन हरको बैंक चेयरमैन अरविंद यादव को सौंपकर किसान आंदोलन का समाधान निकाले जाने की मांग की है। ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि काफी समय से किसान सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। इस आंदोलन के चलते कई जगह हाईवे जाम है।
लोगों का व्यापार प्रभावित हो रहा है और औद्योगिक इकाइयों में परेशानी है। ट्रांसपोर्ट व्यवस्था ठप होने से खाने का सामान समय पर नहीं पहुंच रहा, जिससे कि दाम बढ़ने की भी संभावना है। छोटे किसानों को इससे परेशानी झेलनी पड़ सकती है। आग्रह है राष्ट्रपति किसान प्रतिनिधियों से मिलकर मामले का समाधान कराएं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2XdpcqL